बीडीसी और पार्षदों की शपथ आज

By: Jun 6th, 2026 12:46 am

पांवटा ब्लॉक के नवनिर्वाचित सदस्य एसडीएम ऑफिस में दोपहर दो बजे लेेंगे पद एवं गोपनीयता की शपथ
टीम, पांवटा साहिब-नाहन
पंचायत समिति पांवटा साहिब के नवनिर्वाचित सदस्यों और नगर परिषद पांवटा साहिब के विजयी पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह शनिवार छह जून को आयोजित किया जाएगा। उपमंडलाधिकारी नागरिक द्विज गोयल ने बताया कि पंचायत समिति के सदस्यों की शपथ दोपहर दो बजे खंड विकास अधिकारी कार्यालय पांवटा साहिब में होगी। हिमाचल प्रदेश पंचायती राज निर्वाचन नियम 85 और 86 तथा पंचायती राज अधिनियम 1994 की धारा 29 (1) के तहत सदस्यों को शपथ और निष्ठा का प्रतिज्ञान करवाया जाएगा। एसडीएम पांवटा द्विज गोयल ने बताया कि नगर परिषद में विजेता पार्षदों का शपथ समारोह सुबह साढ़े 10 बजे नगर परिषद कार्यालय में होगा। वहीं, नाहन नगर परिषद के नवनिर्वाचित पार्षदों व पंचायत समिति नाहन के सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को भी आज शपथ दिलाई जाएगी।

उपमंडलाधिकारी नाहन राजीव सांख्यान ने बताया कि प्रथम चरण में नगर परिषद नाहन के सभी नवनिर्वाचित 13 पार्षदों को नगर परिषद नाहन के कार्यालय में हिमाचल प्रदेश सरकार म्युनिसिपल एक्ट के तहत प्रथम बैठक में पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई जाएगी। शपथ ग्रहण समारोह सुबह 11 बजे कार्यकारी अधिकारी नगर परिषद नाहन के कार्यालय में होगा। इसके पश्चात पंचायत समिति नाहन के नवनिर्वाचित 15 सदस्यों निशा देवी, वीरेंद्र सिंह, रजनीश कुमार, सरोज देवी, दिनेश कुमार, संजीव कुमार, रीना रानी, करण सिंह, रमेश कुमार, माया देवी, मनीषा धीमान, अरुणा देवी, कर्म चंद, कुमारी देवयानी थापा व वार्ड 15 से बीडीसी सदस्य कविता चौहान को हिमाचल प्रदेश पंचायती राज निर्वाचन नियम 1994 के नियम 85-86 के अनुसरण के तहत छह जून को दोपहर दो बजे सहायक आयुक्त विकास एवं खंड विकास अधिकारी नाहन के कार्यालय में पंचायती राज अधिनियम 1994 की धारा 79 (1) के तहत सदस्यों को शपथ व निष्ठा पर शपथ दिलाई जाएगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App