अमृतसर में एक किलो हेरोइन जब्त; पुलिस ने छह तस्कर धरे, पांच पिस्तौल सहित नकदी बरामद

By: Jun 6th, 2026 12:01 am

निजी संवाददाता-अमृतसर
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों के अनुसार पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने एक अफगान नागरिक और दो नाबालिगों सहित छह व्यक्तियों को गिरफ्तार कर सीमा पार संचालित हथियार, नशा और हवाला नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1.035 किलोग्राम हेरोइन, पांच आधुनिक पिस्तौल और पांच लाख रुपए की ड्रग मनी बरामद की है। यह जानकारी शुक्रवार यहां पंजाब के पुलिस महानिदेशक डीजीपी गौरव यादव ने दी।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बाज मोहम्मद 62, जो अफगानिस्तान का नागरिक है और पहले हरियाणा के सोनीपत में रह रहा था तथा हाल ही में नई दिल्ली के लाजपत नगर में रहने लगा थाय नवांशहर की गुरु अंगद देव कॉलोनी निवासी अंकुश बर्थवाल 33 जालंधर के गांव भट्टियां निवासी देश राज विक्की 32 तथा लोपोके के गांव रणिया निवासी राजनदीप सिंह राजा 26 जो वर्तमान में अमृतसर के सन्नी एन्क्लेव में रह रहा है के रूप में हुई है। इसके अलावा गिरफ्तार आरोपियों में दो नाबालिग भी शामिल हैं। जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी अपने विदेशी साथियों के साथ मिलकर विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों के माध्यम से स्थापित संपर्कों के जरिए अवैध हथियारों और नशीले पदार्थों की खेप प्राप्त करते थे और फिर अपने विदेशी हैंडलरों के निर्देश पर उन्हें आगे सप्लाई करते थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App