पाक को एक बूंद भी नहीं मिलेगी, सिंधु जल समझौते पर भारत की दोटूक, छटपटाता रह जाएगा पड़ोसी
दिव्य हिमाचल ब्यूरो — नई दिल्ली
भारत ने एक बार फिर यह स्पष्ट कर दिया है कि पाकिस्तान सिंधु जल समझौते को लेकर चाहे कितना भी छटपटा ले, उसे पानी की एक बूंद नहीं मिलेगी। भारत सरकार ने इस बात पर भी जोर दिया है कि सिंधु जल समझौता अब भी स्थगित स्थिति में है और आने वाले दिनों में यह सुनिश्चित कर लिया जाएगा कि पाकिस्तान तक एक बूंद पानी न पहुंचे। ये बातें केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने कही हैं। इस मुद्दे को लेकर पूछे गए एक सवाल के जवाब में उन्होंने बताया कि पानी को भारत डायवर्ट करने की योजना की निगरानी गृह मंत्री अमित शाह खुद कर रहे हैं। केंद्रीय मंत्री ने यह भी पुष्टि की कि 1960 से चला आ रहा सिंधु जल समझौता अब पूरी तरह से ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है। श्री पाटिल ने कहा कि यह समझौता अभी स्थगित है। जब से प्रधानमंत्री मोदी ने यह ऐतिहासिक फैसला लिया है, तब से हमारी सरकार हर संभव कोशिश कर रही है कि सिंधु से एक भी बूंद पानी बहकर पाकिस्तान ना जाए। इस पूरे मामले की खुद गृह मंत्री अमित शाह व्यक्तिगत रूप से मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मैं पूरे यकीन के साथ कह सकता हूं कि हमारा काम निश्चित समय सीमा पर आगे बढ़ रहा है और आने वाले सालों में पाकिस्तान को भारत से एक बूंद पानी भी नसीब नहीं होगा। बता दें कि भारत ने बीते साल जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद सिंधु जल समझौते को स्थगित कर दिया था। भारत ने साफ कर दिया है कि खून और पानी एक साथ नहीं बह सकते। तब से पाकिस्तान बार बार रोता नजर आया है। पाकिस्तान ने वैश्विक मंचों पर भी इस मुद्दे पर उठाया है। हालांकि भारत ने स्पष्ट किया है कि यह समझौता तब तक स्थगित रहेगा जब तक पाकिस्तान आतंक को शह देता रहेगा। अब पाकिस्तान को एक बार फिर मैसेज मिल गया है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
