बस ठहराव पर फूटा यात्रियों का गुस्सा
कोलिया नाला ढाबे में स्वच्छ पानी व भोजन की कमी, ठहराव बदलने की मांग तेज
निजी संवाददाता-शिलाई
हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की वाया मिनस संचालित चौपाल-पांवटा साहिब, शिमला-हरिद्वार सहित विभिन्न बस सेवाओं के भोजन एवं जलपान ठहराव को लेकर यात्रियों में भारी रोष व्याप्त है। यात्रियों ने निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि निगम द्वारा निर्धारित कोलिया नाला ठहराव स्थल पर न तो गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध है और न ही स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था। यात्रियों का कहना है कि निगम के निर्देशानुसार बसें केवल निर्धारित ढाबे पर ही रुकती हैं, लेकिन वहां साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब है। आरोप है कि यात्रियों को दूषित पानी पीने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी खतरे बढ़ रहे हैं। ग्राम पंचायत हलाऊ के प्रधान संतराम, सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी लायक राम सिसोदिया, भागमल शर्मा, दुलाराम तथा अन्य यात्रियों ने बताया कि वर्षों से इस संबंध में शिकायतें की जा रही हैं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि न तो वहां पेयजल लाइन की व्यवस्था है और न ही स्वच्छता के मानकों का पालन किया जाता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार कई पंचायतों ने प्रस्ताव पारित कर बसों के भोजन ठहराव को किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की है, लेकिन मामला अभी तक लंबित है। यात्रियों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो वे एचआरटीसी बसों में यात्रा का बहिष्कार करने पर विचार करेंगे। उधर, एचआरटीसी नेरवा के ट्रैफिक मैनेजर अनिल शर्मा ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि यात्रियों द्वारा सुझाए गए वैकल्पिक ढाबे के निरीक्षण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और जल्द आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, एचआरटीसी शिमला के मंडलीय प्रबंधक देवा सिंह नेगी ने कहा कि मामला नेरवा डिपो को भेज दिया गया है और शिकायत पर जल्द आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। अब देखना यह होगा कि वर्षों से उठ रही यात्रियों की इस गंभीर समस्या का समाधान निगम कब तक करता है और यात्रियों को स्वच्छ भोजन एवं सुरक्षित पेयजल की सुविधा कब उपलब्ध हो पाती है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
