महीने की पहली तारीख को मिले पेंशन

By: Jun 12th, 2026 12:46 am

एचआरटीसी पेंशनर्ज की बैठक में सदस्यों ने मांगों को लेकर जताई नाराजगी, जल्द भुगतान की मांग
नगर संवाददाता-चंबा
हिमाचल पथ परिवहन पेंशनर्स कल्याण संगठन चंबा इकाई की मासिक बैठक शुक्रवार को लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में संपन्न हुई। बैठक की अध्यखता इकाई अध्यक्ष मनोहर लाल ने की। बैठक में उपस्थित पेंशनरों ने सरकार और निगम प्रबंधन के पेंशनर विरोधी रवैये के प्रति नाराजगी जताई। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकार व प्रबंधन पेंशनरों की जायज मांगों के प्रति बिल्कुल भी संवेदनशील नहीं हैं। उन्होंने मांग दोहराई कि पेंशनरों को हर महीने की पहली तारीख को पेंशन का भुगतान सुनिश्चित किया जाए, क्योंकि बार-बार आग्रह के बावजूद महीने के अंतिम दिनों में पेंशन मिलने से उन्हें परिवार का पालन-पोषण करने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड रहा है। मुख्य सलाहकार उत्तम सिंह ने कहा कि लंबे समय से मेडिकल बिलों की अदायगी न होने के कारण बुजुर्ग पेंशनर अपना इलाज करवाने में असमर्थ महसूस कर रहे हैं।

इकाई अध्यक्ष मनोहर लाल ने कहा कि एक जनवरी 2016 से लंबित संशोधित वेतनमान का लाभ अन्य विभागों के कर्मचारियों को किस्तों में दिया जा चुका है, लेकिन परिवहन निगम के नियमित कर्मियों और पेंशनरों को इससे वंचित रखना उनके साथ विश्वासघात है। महासचिव ओमप्रकाश ने भी तीखा रुख अपनाते हुए कहा कि सरकार ने चार महीने पहले नियमित कर्मचारियों को तीन फीसदी महंगाई भत्ता दे दिया, लेकिन पेंशनरों को यह लाभ देना भूल गई। इ उन्होंने कहा कि हिमाचल का अधिकांश क्षेत्र पहाडी है और जनता परिवहन के लिए निगम की बसों पर निर्भर रहती है, इसलिए तकनीकी कर्मचारियों, चालक-परिचालकों और कल-पुर्जों की कमी को तुरंत दूर किया जाना चाहिए ताकि निगम की गिरती साख को बचाया जा सके।

ये-ये रहे मौजूद
बैठक में ओमप्रकाश, उत्तम सिंह, राजकुमार, दुनीचंद, रुमाल सिंह, साहब चंद, प्रकाश चंद, महेश नाथ, चैनलाल, मनोहर लाल, शाहनवाज खान, कुलदीप कुमार, बीना गुप्ता और रीता देवी आदि मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App