E-85: बढ़ती महंगाई के बीच बड़ी खबर, पेट्रोल 20 रुपए सस्ता
दिव्य हिमाचल डिजिटल डेस्क
E-85: पश्चिम एशिया संकट ने विश्व भर में ईंधन की कीमतों में भारी इजाफा कर दिया है। एलपीजी से लेकर पेट्रोल-डीजल के दाम लगातार बढ़ते जा रहे हैं। देश में पेट्रोल 100 रुपए के पार निकल चुका है, जबकि गैस के दामों में भी भारी बढ़ोतरी हुई है। तेल कंपनियां अपना घाटा पूरा करने के लिए लगातार तेल की कीमतों में वृद्धि कर रही हैंं। अभी दूर तक हालात सुधरते नजर नहीं आ रहे हैं। इसी बीच दिल्ली में नया पेट्रोल लांच हुआ है, जो आम पेट्रोल से 20 रुपए सस्ता है। अब चर्चा यह हो रही है कि इस पेट्रोल में आखिर है क्या, जो 20 रुपए सस्ता मिल रहा है। दरअसल, केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय राजधानी में ई-85 तेल लांच किया है, जिसकी कीमत आम पेट्रोल से 20 रुपए कम है।
क्या है E-85 पेट्रोल
E-85 पेट्रोल में 85 प्रतिशत इथेनॉल और 15 प्रतिशत पेट्रोल होता है, जिस कारण यह पेट्रोल आम पेट्रोल से 20 रुपए सस्ता है। यह पेट्रोल आम गाडिय़ों में नहीं डाला जा सकता। अभी तक देश में जो गाडिय़ां आ रही हैं वह ई-20 कम्पलॉयंट इंजन के साथ आ रही हैं। यानी कि ई-20 में 80 प्रतिशत पेट्रोल होता है और 20 प्रतिशत इथेनॉल होता है। अब ई-85 पेट्रोल सिर्फ चुनिंदा गाडिय़ों में ही डलता है। यानी कि वे गाडिय़ां जो 85 कम्पलायंट इंजन के साथ आती हैं। दिल्ली में लांच हुए ई-85 पेट्रोल की कीमत 82.12 रुपए प्रति लीटर है। शुरूआती चरण में ई-85 पेट्रोल स्टेशन को दिल्ली एनसीआर में लांच किया गया है। बाद में मुंबई-पुणे-नागपुर कॉरिडोर में 50 ई-85 पेट्रोल स्टेशन लगाने की योजना है।
आम गाडिय़ों के लिए नहीं है पेट्रोल
E-85 पेट्रोल सिर्फ फ्लेक्स फ्यूल गाडिय़ों के लिए ही है। आम गाडिय़ों में इसका इस्तेमाल नहीं किया जा सकता है। मौजूदा समय में देश में ज्यादातर गाडिय़ां ई-20 कम्पलायंट इंजन से लैस हैं। ऐसे में आम गाडिय़ों में ई-85 फ्यूल नहीं डाला जा सकता।
क्या होती हैं फ्लेक्स फ्यूल गाडिय़ां
फ्लेक्स-फ्यूल (Flex-Fuel) गाड़ियां ऐसे वाहन होते हैं, जिनके इंजन पेट्रोल के साथ-साथ पेट्रोल और इथेनॉल (गन्ने या अनाज से बना अल्कोहल) के किसी भी मिश्रण पर चलने के लिए डिज़ाइन किए जाते हैं। ये गाड़ियां E20 (20% इथेनॉल) से लेकर E85 या E100 (85% से 100% इथेनॉल) तक के मिश्रण पर आसानी से दौड़ सकती हैं।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
