लोकतंत्र की हत्या के लिए पीएम जिम्मेदार, जवाहर लाल नेहरू से नरेंद्र मोदी की तुलना पर कांग्रेस का वार
दिव्य हिमाचल ब्यूरो — नई दिल्ली
बीजेपी की ओर से पीएम नरेंद्र मोदी और पंडित जवाहरलाल नेहरू के बीच की जा रही तुलना के बीच कांग्रेस की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि 15 अगस्त, 1947 को जवाहरलाल नेहरू भारत के प्रधानमंत्री बने और उन्होंने एक ऐसी शानदार कैबिनेट की अगवाई की, जैसी दुनिया में शायद ही कभी देखी गई हो। उसके बाद अगले पांच सालों में आधुनिक भारत का निर्माण हुआ। पीएम मोदी की नेहरू से तुलना किए जाने पर जयराम रमेश ने कहा कि अब मोदी जी, जिन्हें नेहरू से एक तरह का जुनून या सनक है, उस दौर की उपलब्धियों को मिटाना चाहते हैं।
हो सकता है कि आज उन्होंने खुद से तय किया हुआ और संदिग्ध तरीके से बनाया गया कोई मील का पत्थर हासिल कर लिया हो, लेकिन वह भारत के लिए गले की फांस बन गए हैं, क्योंकि वह भारत में लोकतंत्र की हत्या के लिए जिम्मेदार हैं। लोकतंत्र के जिन संस्थानों – जैसे स्वतंत्र चुनाव आयोग और मतदाता सूची – पर भरोसा किया जाता था, वे अब खतरे में है। जयराम रमेश ने कहा कि आज हमारे शिक्षण संस्थानों को बर्बाद करके वैज्ञानिक सोच को खत्म कर दिया गया है – जैसा कि हाल ही में नीट-सीबीएसई घोटालों से पता चला है। उन्होंने आरक्षण व्यवस्था को भी कमजोर किए जाने को लेकर सरकार पर निशाना साधा। प्राइवेटाइजेशन और नॉट फाउंड स्युटेबल जैसे गलत तरीकों से एससी, एसटी और ओबीसी वर्गों के लिए आरक्षण को कमजोर किया गया है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
