पुलिस जवान से मारपीट पर बिफरा पुलिस पेंशनर्ज संघ
आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई और बाहरी राज्यों के सुरक्षा कर्मियों की जांच की मांग
कार्यालय संवाददाता-नाहन
जिला सिरमौर के पांवटा साहिब में पुलिस जवान के साथ हुई मारपीट और अभद्र व्यवहार की घटना की पुलिस पेंशनर्ज वेलफेयर एसोसिएशन, जिला सिरमौर ने कड़ी निंदा की है। शुक्रवार को आयोजित संघ की त्रैमासिक बैठक में इस मामले को प्रमुखता से उठाते हुए दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की गई। संघ के अध्यक्ष प्रदीप ठाकुर, महासचिव संतराम सैमुअल, कोषाध्यक्ष मोहन सैणी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रकाश चंद चौधरी सहित अन्य पदाधिकारियों ने कहा कि ड्यूटी पर तैनात पुलिस जवान के साथ सरेआम मारपीट की घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती हैं और ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की नरमी नहीं बरती जानी चाहिए।
संघ ने आरोप लगाया कि आरोपी फरमान खान, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला है, द्वारा पुलिस जवान के साथ की गई हरकत अस्वीकार्य है। पदाधिकारियों ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति सुरक्षा सेवाएं प्रदान करने के कार्य से जुड़ा है, तो उससे जिम्मेदार व्यवहार की अपेक्षा की जाती है, न कि कानून के रक्षकों के साथ हिंसक व्यवहार की। पुलिस पेंशनर्स संघ ने मामले की निष्पक्ष जांच, आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई तथा बाहरी राज्यों से आकर निजी सुरक्षा सेवाएं देने वाले व्यक्तियों के सत्यापन की मांग की है। संघ ने कहा कि प्रदेश में कार्यरत सुरक्षा एजेंसियों और उनके कर्मचारियों की पृष्ठभूमि की नियमित जांच सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
