बरमाणा में घर पर पुलिस का छापा, चिट्टा और नकदी बरामद
जिला में पुलिस ने की 18 जगहों पर रेड, चलाया बड़ा अभियान
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-बिलासपुर
मादक पदार्थों की तस्करी और सेवन पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से जिला बिलासपुर पुलिस ने बुधवार को जिलेभर में विशेष तलाशी अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीमों ने महिला पुलिस कर्मियों की सहभागिता के साथ विभिन्न क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई करते हुए संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी।पुलिस द्वारा जिले के 9 थानों में विशेष टीमों का गठन किया गया था। इन टीमों ने एक साथ 18 स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया, जहां नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार की आशंका जताई गई थी।
अभियान के दौरान 17 स्थानों पर कोई आपत्तिजनक सामग्री नहीं मिली, जबकि बरमाणा क्षेत्र में पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी। जानकारी के अनुसार थाना बरमाणा की पुलिस टीम ने अजय कुमार उर्फ आजाद पुत्र छोटा राम निवासी गांव लघट डाकघर बरमाणा, तहसील सदर जिला बिलासपुर के रिहायशी मकान की तलाशी ली। तलाशी के दौरान पुलिस ने मकान से 6.17 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) तथा 2 लाख 19 हजार 690 रुपये नकद बरामद किए।बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ थाना बरमाणा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।पुलिस अधीक्षक बिलासपुर संदीप धवल ने बताया कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और नशे के सेवन के खिलाफ पुलिस की मुहिम लगातार जारी रहेगी। समाज को नशामुक्त बनाया जाएगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
