ईमानदारी से अपना फर्ज निभाएं प्रधान-उपप्रधान
नव निर्वाचित सदस्यों को कैबिनेट मंत्री जगत सिंह नेगी ने दिलाई शपथ, जरूरी विषयों पर दी जानकारी
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-रिकांगपिओ
किन्नौर जिला के नव निर्वाचित प्रधान व उपप्रधान को आज बचत भवन रिकांगपिओ में राजस्व, बागवानी जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी द्वारा शपथ दिलाई गई। इस दौरान नेगी ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधान एवं उपप्रधान पंचायती राज संस्थाओं के अहम अंग है तथा ग्राम स्वराज्य के तहत ग्रामीण लोकतंत्र एवं ग्रामीण विकास को सुदृढ करने के लिए व पारदर्शिता से कार्य करें तथा अपने दायित्वों का सही ढंग से निर्वहन करने पर बल दिया।
उन्होंने कहा कि 73वें संशोधन अधिनियम-1993 के तहत पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी ने ग्राम स्वराज्य प्रणाली को सशक्त बनाया तथा पंचायत जन प्रतिनिधियों को शक्तिया प्रदान करके विकेन्द्रीकरण को मजबूत बना कर ग्रामीण लोकतंत्र को सामाजिक, आर्थिक विकास का मॉडल बनाया है। इससे ग्राम सभा के माध्यम से ग्रामीण अधोसंरचना व विकास को संबल मिला है तथा ग्राम स्वराज्य की सकारात्मक सोच धरातल पर उतरी है। उन्होंने कहा कि 73वें संशोधन अधिनियम-1993 से अनुसूचित जाति जनजाति और महिलाओं को आरक्षण मिला है जिससे समावेशी एवं समग्र विकास सुनिश्चित हुआ है। उपायुक्त डाक्टर अमित कुमार शर्मा ने कहा कि किन्नौर जिला प्रशासन नव निर्वाचित प्रतिनिधियों के सहयोग एवं मार्गदर्शन के लिए हमेशा तत्पर रहेगा।
ये-ये रहे मौजूद
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार शर्मा, कार्यकारी जिला दंडाधिकारी पूह घनश्याम दास शर्मा किनेफैड के अध्यक्ष चंद्र गोपाल नेगी, पूर्व जनजातीय सलाहकार समिति के सदस्य केसंर नेगी, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कल्पा के अध्यक्ष प्रीतम नेगी, पूह ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के सचिव अधिवक्ता निर्मल चंद्र नेगी, पूर्व जिला परिषद सदस्य हितेश नेगी प्रशांत नेगी, जिला पंचायत अधिकारी संजय तोमर, खंड विकास अधिकारी पूह इंद्र नेगी खंड विकास अधिकारी कल्पा हिंमाशी शर्मा उपस्थित रहें।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
