दौलतपुर टनल मार्ग की बदहाली पर फूटा लोगों का गुस्सा
अधिवक्ताओं और समाजसेवियों ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, सडक़ को बताया राष्ट्रीय राजमार्ग, बोले, यह कोई नाला नहीं
नगर संवाददाता- कांगड़ा
कांगड़ा शहर के बाइपास से दौलतपुर टनल तक जाने वाली सडक़ की जर्जर हालत को लेकर लोगों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। सडक़ की बदहाली से परेशान अधिवक्ताओं और समाजसेवियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को एसडीएम कांगड़ा को ज्ञापन सौंपकर सडक़ की तत्काल मरम्मत और पुनर्निर्माण की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में अधिवक्ता सौरभ कौंडल, सौरभ चौधरी, अभिमन्यु, सूरज, मनोज मेहता, सुरिंदर चौधरी, अर्चना पुरी तथा समाजसेवी मुनीश बाहड़ी शामिल रहे। उन्होंने ज्ञापन में कहा कि सडक़ जगह-जगह गहरे गड्ढों से भरी हुई है और इसकी हालत किसी राष्ट्रीय राजमार्ग की बजाय नाले जैसी दिखाई देती है। सडक़ की खराब स्थिति के कारण स्थानीय निवासियों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों, व्यापारियों, मरीजों और पर्यटकों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
दुर्घटनाओं का खतरा भी लगातार बना हुआ है। एसडीएम कांगड़ा ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी और जल्द ही कार्य शुरू करवाने का प्रयास किया जाएगा। इस दौरान अधिवक्ता सौरभ कौंडल ने प्रशासन को दस दिनों का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि निर्धारित समय के भीतर सडक़ निर्माण या मरम्मत कार्य शुरू नहीं किया गया तो 11वें दिन एसडीएम कार्यालय के बाहर शांतिपूर्ण भूख-हड़ताल शुरू की जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि सडक़ को स्थायी रूप से दुरुस्त करने के बजाय केवल मिट्टी डालकर खानापूर्ति की जा रही है, जो बरसात के मौसम में दुर्घटनाओं का कारण बन सकती है। उन्होंने जिला कांगड़ा को पर्यटन राजधानी बनाने के दावों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि बदहाल सडक़ों के साथ पर्यटन को बढ़ावा देना संभव नहीं है। प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से मांग की कि सडक़ की मरम्मत और पुनर्निर्माण का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर आम जनता को राहत प्रदान की जाए।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
