बारिश से तालाब में तब्दील हो गई सडकें, सफाई व्यवस्था की खुली पोल
नगर संवाददाता-चंबा
जिला चंबा में गुरुवार दोपहर बाद मौसम के अचानक करवट बदलने के साथ ही आसमानी गर्जना के साथ जोरदार बारिश हुई। मौसम के बिगड़े मिजाज के चलते दिन में ही अंधेरा छा गया। इस बारिश से जहां लोगों ने गर्मी की तपिश से राहत महसूस की है वहीं शहर में नगर परिषद की सफाई व्यवस्था की पोल भी खुल गई। बारिश के कारण नालियों के उफान पर आने से गंदा पानी सडक़ों पर बहने से राहगीरों को आवाजाही में मुश्किलें पेश आई। गंदे पानी के बीच बाजार में बहने से बदबू का आलम देखने को मिला। शहर के अन्य हिस्सों में भी नालियों के उफान पर आने से सडकें तालाब में तब्दील हो गई।
करीब एक घंटे तक जारी मूसलाधार बारिश के दौर ने कुछ देर के लिए लोगों को डरा कर रख दिया। गुरुवार सवेरे चटख धूप के बीच लोग गर्मी से बेहाल दिखे। इसी बीच दोपहर बाद अचानक मौसम ने एकाएक करवट बदल ली। देखते ही देखते जोरदार बारिश का दौर आरंभ हो गया। बारिश के चलते नालियों के ओवर फ्लो होने से गंदा पानी सडकों पर बहने लगा। मौसम के बिगडे मिजाज को देखते हुए बाजार में खरीददारी के लिए पहुंचे लोगों ने भी घर वापिसी की राह पकडने में भलाई समझी। इसके चलते शाम चार बजे बाद शहर के बाजारों में वीरानी देखने को मिली।
बारिश से किसानों व बागबानों के खिले चेहरे
बारिश से जिला के किसानों व बागबानों के चेहरे खिल उठे हैं। बारिश से जमीन को नमी मिलने से निचले क्षेत्रों में मक्की की फसल की बिजाई का रास्ता साफ हो गया। बारिश को सब्जियों के लिए किसान वरदान मान रहे हैं। बहरहाल, गुरूवार को जिला में मूसलाधार बारिश ने कुछ देर के लिए जिंदगी की रफतार पर पूरी तरह ब्रेक लगाकर रख दी।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
