हल्की बारिश से जलमग्न हुआ राजगढ़
जल निकासी की बदहाली से सडक़ें बनी नदियां; दुकानों में घुस रहा पानी, स्थायी समाधान की उठी मांग
निजी संवाददाता-राजगढ़
राजगढ़ शहर में हल्की बारिश भी लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बनती जा रही है। बरसात शुरू होते ही शहर की मुख्य सडक़ें जलमग्न हो जाती हैं और कई स्थानों पर बारिश का पानी तेज बहाव के साथ नदी का रूप धारण कर लेता है। ऐसे ही हालात बुधवार को देखने को मिले जब हल्की सी बारिश पूरा शहर जलमग्न हो गया, जिससे राहगीरों, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जगह-जगह जलभराव होने से लोगों को जोखिम उठाकर आवागमन करना पड़ता है, जबकि कई क्षेत्रों में यातायात भी प्रभावित हो जाता है।
स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि बारिश का पानी सीधे उनकी दुकानों में घुस जाता है, जिससे हर साल हजारों रुपए का नुकसान उठाना पड़ता है। कई दुकानदारों को अपना सामान सुरक्षित रखने के लिए ऊंचे स्थानों पर रखना पड़ता है, जबकि कुछ दुकानों में पानी भरने से कारोबार पूरी तरह ठप हो जाता है। जलभराव के कारण ग्राहकों की आवाजाही भी कम हो जाती है, जिससे व्यापार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। शहरवासियों का आरोप है कि राजगढ़ में लंबे समय से प्रभावी जल निकासी व्यवस्था का अभाव बना हुआ है। उनका कहना है कि लोक निर्माण विभाग अब तक ऐसी समुचित नालियों का निर्माण नहीं कर पाया है, जो बरसात के पानी की निकासी सुनिश्चित कर सकें। जहां नालियां बनी हुई हैं, वहां उनकी क्षमता पर्याप्त नहीं है, जबकि कई स्थानों पर नियमित सफाई न होने के कारण वे बंद पड़ी रहती हैं। परिणामस्वरूप बारिश का पानी सडक़ों पर बहने लगता है और पूरा शहर इसकी चपेट में आ जाता है। उधर, लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता पवन गर्ग ने बताया कि शहर के आसपास नालियां बंद होने के कारण बारिश का पानी सडक़ों पर आ जाता है। उन्होंने कहा कि समस्या के समाधान के लिए जल्द ही कार्य शुरू किया जाएगा।
लोगों का आरोप सालों से बनी हुई है समस्या
लोगों कहा कि राजगढ़ में जलभराव की समस्या वर्षों बनी हुई है, लेकिन आज तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो पाया। प्रदेश में चाहे कांग्रेस सरकार रही हो या भाजपा सरकार, दोनों दलों के नेताओं ने चुनावों के दौरान जल निकासी व्यवस्था सुधारने के बड़े-बड़े वादे किए, लेकिन धरातल पर स्थिति जस की तस बनी हुई है। हर मानसून में लोगों को जलभराव, दुकानों को नुकसान, यातायात अव्यवस्था और दैनिक जीवन में बाधाओं का सामना करना पड़ता है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
