गोदामों से डिपुओं में भेजा राशन निकला कम, बोरियों में चावल, चीनी, आटे में छह से आठ किलोग्राम कम

By: Jun 11th, 2026 12:07 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — हमीरपुर

प्रदेश में खाद्य नागरिक आपूर्ति निगम के कई गोदामों से सस्ते राशन के डिपुओं पर भेजा गया राशन बोरियों में छह से आठ किलोग्राम तक कम निकले का खुलासा हुआ है। ऐसी स्थिति में डिपो धारकों को राशन कार्ड धारकों को राशन पूरा करना मुश्किल हो रहा है। डिपो धारक अपने डिपो पर दर्ज राशन कार्डों के मुताबिक खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग को हर माह डिमांड देते हैं और विभाग डिपो धारकों की मांग के अनुसार डिपो धारकों के राशन का परमिट काटता है। डिपो धारकों को यह राशन खाद्य आपूर्ति विभाग उनके परमिट के हिसाब से मुहैया करवाता है, जिसकी सारी की सारी रकम एक एक ग्राम के हिसाब से डिपो धारक निगम को एडवांस में अदा करते हैं, लेकिन निगम के गोदामों से डिपो धारकों को परमिट के हिसाब से राशन न देकर कम राशन मिल रहा है। हालांकि प्रदेश सरकार ने निगम को राशन तोल कर देने के लिखित में आदेश भी ज़ारी किए हैं और निगम द्वारा डिपो धारकों को वेट चैक मेमो देना भी अनिवार्य किया है जो कि कागजों तक ही सीमित है।

प्रदेश डिपो संचालक समिति के प्रदेश अध्यक्ष अशोक कवि ने कहा कि इसके बारे में कई बार विभाग को अवगत करवाया, लेकिन खाद्य नागरिक आपूर्ति निगम के खिलाफ विभाग ने कोई भी कार्रवाई नहीं की। कवि ने कहा कि खाद्य नागरिक आपूर्ति निगम के खिलाफ़ न तो खाद्य आपूर्ति विभाग और न ही माप तोल विभाग कोई कार्रवाई करता है। अशोक कवि ने निगम पर यह भी आरोप लगाया कि निगम के गोदामों से डिपुओं पर भेजी गई खाद्य तेल की पेटियों में भी 12 लीटर के बजाय 11 लीटर खाद्य तेल ही निकलता है, जिसकी शिकायत भी कई बार खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग व खाद्य नागरिक आपूर्ति निगम के अधिकारियों व कर्मचारियों से की, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App