पंजाब और हरियाणा में चमक रहा लाल सोना

By: Jun 11th, 2026 12:02 am

टमाटर को मिल रहे बेहतरीन दाम, ग्रेडिंग के अनुसार 700 से लेकर 1000 रुपए प्रति क्रेट तक मिल रहा रेट

निजी संवाददाता- सोलन
सोलन जिले में टमाटर सीजन की शुरुआत के साथ ही किसानों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। सोलन सब्जी मंडी में इन दिनों स्थानीय टमाटर को बेहतर दाम मिल रहे हैं, जिससे किसानों में उत्साह का माहौल है। मंडी में टमाटर की सीमित आवक और बाहरी राज्यों से सप्लाई कम होने के कारण कीमतों में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। इसका असर खुदरा बाजारों में भी दिखाई दे रहा है, जहां टमाटर के दाम पिछले दिनों की तुलना में काफी बढ़ गए हैं। सोलन सब्जी मंडी में इन दिनों गंबरपुल, बसाल, अश्वनी खड्ड, कंडाघाट, साधुपुल और आसपास के सिंचित क्षेत्रों से किसान टमाटर की फसल लेकर पहुंच रहे हैं। मंडी में आने वाले टमाटर की गुणवत्ता अच्छी होने के कारण किसानों को ग्रेडिंग के अनुसार 700 रुपए से लेकर 1000 रुपए प्रति क्रेट तक कीमत मिल रही है। किसानों का कहना है कि इस बार बढ़ते तापमान के कारण फसल सामान्य समय से पहले तैयार हो गई हैए जिसका उन्हें बाजार में लाभ मिल रहा है। मंडी के आढ़ती नरेंद्र ठाकुर के अनुसार, अभी टमाटर की आवक कम हैए लेकिन गुणवत्ता बेहतर होने के कारण किसानों को अच्छे दाम मिल रहे हैं।

सोलन मंडी से पंजाब और हरियाणा की विभिन्न मंडियों में टमाटर की सप्लाई की जा रही है। आने वाले समय में जब उत्पादन बढ़ेगा तो यहां से महाराष्ट्र के नासिक सहित अन्य बड़े बाजारों में भी टमाटर भेजा जाएगा। जानकारी के अनुसार, सोलन सब्जी मंडी में रोजाना लगभग 200 क्रेट टमाटर पहुंच रहा है। स्थानीय उत्पादन बढऩे के बावजूद बाहरी राज्यों से टमाटर की आवक कम होने से मांग और कीमतों में तेजी बनी हुई है। व्यापारियों का मानना है कि आने वाले दिनों में जिले के अन्य क्षेत्रों से भी फसल मंडी में पहुंचने लगेगी, जिससे बाजार की स्थिति में बदलाव आ सकता है। आढ़ती हेमंत साहनी का कहना है कि अभी जिले के केवल सिंचाई वाले क्षेत्रों से ही टमाटर मंडी पहुंच रहा है। जैसे-जैसे अन्य क्षेत्रों में फसल तैयार होगी, आवक में बढ़ोतरी होगी।

अच्छा रेट मिलने से राहत
किसानों ने कहा कि इस बार टमाटर की फसल को बाजार में अच्छे दाम मिलने से उन्हें राहत मिली है। किसानों के अनुसार बढ़ते तापमान के कारण फसल सामान्य समय से पहले तैयार हो गईए जिससे वे शुरुआती सीजन में ही अपनी उपज मंडी तक पहुंचाने में सफल रहे। उन्होंने बताया कि मंडी में टमाटर की गुणवत्ता अच्छी होने के कारण व्यापारियों द्वारा बेहतर कीमत दी जा रही है। किसानों का कहना है कि यदि मौसम अनुकूल रहा और बाजार में इसी तरह दाम बने रहे तो उन्हें इस सीजन में अच्छा लाभ मिलने की उम्मीद है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App