रोटरी क्लब नाहन संगिनी ने चकाचक किया बस स्टैंड
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-नाहन
रोटरी क्लब नाहन संगिनी द्वारा शुक्रवार को नाहन शहर के इंटर स्टेट बस स्टैंड के पार्क में विश्व पर्यावरण दिवस पर एक विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इस अवसर पर रोटरी क्लब नाहन संगिनी की सदस्यों ने पार्क में पौधारोपण भी किया। इस अवसर पर क्लब की प्रधान सोना चंदेल ने शहर के लोगों के साथ-साथ बस स्टैंड पर आने वाले यात्रियों का आह्वान किया कि बस स्टैंड का पार्क यात्रियों की सुविधा के लिए बनाया गया है इसे साफ-सुथरा रखने में सभी लोग अपना योगदान दें। शुक्रवार को रोटरी क्लब नाहन संगिनी ने बस स्टैंड के पार्क में पौधारोपण के उपरांत कहा कि पार्क में अशोका के 30 पौधे लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पार्क को रोटरी क्लब नाहन संगिनी द्वारा गोद लिया गया है। यही कारण है कि समय-समय पर क्लब की महिला सदस्य इस पार्क में अपना योगदान देकर पार्क को शहर के लोगों व यात्रियों की सुविधा के लिए बेहतरीन बनाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि पार्क में शहर के वरिष्ठ नागरिक व यात्री आराम करने आते हैं।
उन्होंने कहा कि रोटरी क्लब नाहन संगिनी द्वारा पार्क की जो जीर्ण-शीर्ण हालत थी उसे दुरुस्त किया गया है तथा पार्क में प्लास्टिक की बोतल व घास व झाडिय़ों को साफ किया गया है। सोना चंदेल ने कहा कि भविष्य में भी रोटरी क्लब नाहन संगिनी इस पार्क की सफाई का जिम्मा लेता है। उन्होंने कहा कि सर्दियों के मौसम में भी इस पार्क में अकसर लोग आराम करने के लिए आते हैं। कार्यक्रम के दूसरे चरण में रोटरी संगिनी क्लब ने 300 कपड़े के बैग बनाए हैं जो नाहन में सब्जी विक्रेताओं व कुछ अन्य दुकानदारों के साथ-साथ घरों में पर्यावरण को स्वच्छ रखने के संदेश के साथ वितरित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जूट के बैग के माध्यम से लोगों को प्लास्टिक के बैग इस्तेमाल न करने का संदेश दिया गया है। उन्होंने कहा कि गत वर्ष भी रोटरी क्लब नाहन संगिनी द्वारा करीब 250 बैग शहर के अलग-अलग हिस्सों में वितरित किए गए थे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
