सफाई कृमियों की हड़ताल खत्म, काम पर लौटे
मेडिकल कालेज प्रबंधन के साथ बैठक के बाद दुराचार के मामले को लेकर जारी गतिरोध हुआ समाप्त
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-चंबा
पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कालेज में आउटसोर्स पर कार्यरत सफाई कर्मचारियों ने शनिवार को हड़ताल पर विराम लगाते हुए वापस काम पर लौट आए हैं। शनिवार को आउटसोर्स सफाई कर्मचारियों ने मेडिकल कालेज प्रबंधन से बैठक के बाद काम पर वापस लौटते हुए साफ-सफाई का काम आरंभ कर दिया। उल्लेखनीय है कि मेडिकल कालेज के सफाई ठेकेदार व मुंशी पर कथित दुराचार के मामले को लेकर गतिरोध पैदा हो गया था। सफाई कर्मचारियों ने ठेकेदार व मुंशी को बेकसूर बताते हुए आरोप लगाने वाली महिला कर्मियों को नौकरी से न हटाए जाने तक काम पर न लौटने की बात कहकर हड़ताल आरंभ कर दी थी। इसके चलते शुक्रवार को मेडिकल कालेज में साफ-सफाई का कार्य नहीं हो पाया था। मेडिकल कालेज में सफाई व्यवस्था बुरी तरह लडख़ड़ा गई थी।
शनिवार को स्थिति को सामान्य बनाने के लिए प्राचार्य डा. पंकज गुप्ता, चिकित्सा अधीक्षक डा. प्रदीप कुमार तथा अन्य अधिकारियों ने कर्मचारियों के साथ विस्तृत बैठक की। बैठक में कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि जिन महिला कर्मचारियों ने शिकायत दर्ज करवाई है उनके साथ अन्य कर्मचारी कार्य नहीं करना चाहते। कर्मचारियों का कहना था कि इससे कार्यस्थल पर तनाव की स्थिति बन सकती है। कर्मचारियों की आपत्ति के बाद कालेज प्रबंधन ने संबंधित कर्मचारियों की डयूटी अलग-अलग स्थानों पर लगाने का निर्णय लिया है ताकि कार्यस्थल पर किसी प्रकार का टकराव या तनाव उत्पन्न न हो। इसके साथ कुछ महिला कर्मचारियों ने शिकायतकर्ता महिलाओं से अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की है। इस पर प्रबंधन ने अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए हैं। बैठक के बाद दोनों पक्षों के बीच सहमति बनने से हडताल समाप्त हो गई।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
