संजौली को मिला बहुउद्देशयीय खेल स्टेडियम

By: Jun 9th, 2026 12:02 am

मुख्यमंत्री ने वालीबॉल प्रतियोगिता का भी किया शुभारंभ, एक करोड़ से विकसित होगा संजौली मैदान

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने सोमवार को शिमला के संजौली में बहुउद्देशीय खेल स्टेडियम का उद्घाटन किया। 3.18 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित इस स्टेडियम में खेल प्रतियोगिताओं के लिए खुला मैदान, ओपन हॉल, रसोईघर एवं हॉल तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई हैं। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय ग्रीष्मोत्सव शिमला के तहत आयोजित हिमाचल प्रदेश की पहली चिट्टा जागरूकता वालीबॉल प्रतियोगिता का भी शुभारंभ किया। उन्होंने प्रतियोगिता की ट्रॉफी का अनावरण किया तथा विजेता टीम को एक लाख रुपए की नकद पुरस्कार राशि देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने राज्यभर से आई 13 टीमों द्वारा प्रस्तुत मार्चपास्ट की सलामी ली और सभी प्रतिभागियों को नशा निवारण की शपथ भी दिलाई।

उन्होंने संजौली मैदान के विकास एवं सुधार के लिए एक करोड़ रुपए, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्थापित करने और संजौली होली मेले को जिला स्तरीय मेले का दर्जा देने की घोषणा की। शिमला के निकट घटासनी में 10 करोड़ रुपए की लागत से एक स्टेडियम का निर्माण किया जा रहा है। विधायक हरीश जनारथा ने कहा कि संजौली मैदान क्षेत्र के सबसे पुराने मैदानों में से एक है और एक बेहतर खेल मैदान विकसित करने की लंबे समय से चली आ रही मांग अब पूरी हो गई है। उन्होंने कहा कि शिमला में अन्य खेल मैदानों का भी विकास किया जा रहा है। इस अवसर पर नगर निगम शिमला के महापौर सुरेन्द्र चौहान, उपायुक्त अनुपम कश्यप, पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह, युवा सेवाएं एवं खेल विभाग के निदेशक शिवम प्रताप सिंह तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App