रेणुकाजी झील में 24 घंटे बाद शुरू हुआ सर्च अभियान

By: Jun 6th, 2026 12:50 am

युवक के डूबने की आशंका; गोताखोरों के विलंब से पहुंचने पर परिजनों का हंगामा, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष विनय कुमार ने दिया हरसंभव मदद का भरोसा
निजी संवाददाता-श्रीरेणुकाजी
उत्तरी भारत की प्रसिद्ध श्रीरेणुकाजी झील में ददाहू कस्बे के एक युवक के डूबने की आशंका के बीच शुक्रवार को सेना के गोताखोरों ने सर्च अभियान शुरू किया। युवक के लापता होने के लगभग 24 घंटे बाद अभियान शुरू होने से परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली। उन्होंने प्रशासन, पुलिस और शासन व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत ददाहू की बंगाला कॉलोनी निवासी करीब 21 वर्षीय युवक के झील में डूबने की आशंका जताई गई थी। युवक के जूते और कपड़े झील के स्नानघाट के पास मिले थे, जबकि वह घटना के बाद से लापता है। पुलिस और स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर उसकी तलाश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। शुक्रवार दोपहर तक भी गोताखोरों के मौके पर नहीं पहुंचने से परिजनों और कॉलोनीवासियों का आक्रोश बढ़ गया।

स्थिति को देखते हुए स्थानीय विधायक एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विनय कुमार स्वयं श्रीरेणुकाजी पहुंचे और पीडि़त परिवार से मुलाकात की। उन्होंने परिजनों को हरसंभव सहायता और प्रशासनिक सहयोग का आश्वासन दिया। विनय कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन को तत्काल गोताखोरों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए, जिसके बाद दोपहर बाद सेना के गोताखोर झील पहुंचे और खोज अभियान शुरू किया गया। उधर, रेणुकाजी विकास बोर्ड के सदस्य सचिव एवं एसडीएम नाहन राजीव सांख्यान ने बताया कि प्रशासन की ओर से सेना को आवश्यक पत्राचार और अन्य औपचारिकताएं समय पर पूरी कर ली गई थीं। सेना की अपनी प्रक्रिया और अनुमतियों के कारण कुछ विलंब हुआ। उन्होंने कहा कि अब सेना के जवानों द्वारा झील में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है और युवक की तलाश के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App