शबाब साबरी के सुरों से सजा रिज, ग्रीष्मोत्सव-2026 का भव्य आगाज

By: Jun 9th, 2026 12:02 am

राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने किया शुभारंभ, लोक संस्कृति और संगीत की प्रस्तुतियों ने मोहा मन, स्थानीय कलाकारों और वायस ऑफ माउंटेन्स प्रतिभागियों ने बांधा समां

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
अंतरराष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव-2026 का सोमवार शाम ऐतिहासिक रिज मैदान पर भव्य शुभारंभ हुआ। पहली सांस्कृतिक संध्या में मशहूर पार्शव गायक शबाब साबरी ने अपनी दमदार प्रस्तुतियों से हजारों दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनके लोकप्रिय गीतों पर युवा, बुजुर्ग और पर्यटक देर रात तक झूमते नजर आए।

जैसे ही शबाब साबरी मंच पर पहुंचे, पूरा रिज मैदान तालियों और उत्साह से गूंज उठा। इससे पहले हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने दीप प्रज्ज्वलित कर पांच दिवसीय ग्रीष्मोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उपायुक्त एवं ग्रीष्मोत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष अनुपम कश्यप ने राज्यपाल, शिमला शहरी विधायक हरीश जनारथा तथा नगर निगम शिमला के महापौर सुरेंद्र चौहान को सम्मानित किया।

लोक नृत्य और पारंपरिक प्रस्तुतियों से मोहा मन
इस प्रतिष्ठित उत्सव के पहले दिन सांस्कृतिक विविधता की अनूठी झलक देखने को मिली। उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, पटियाला के माध्यम से जम्मू-कश्मीर से आए कलाकारों ने लोक नृत्य और पारंपरिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। रंग-बिरंगे परिधानों और लोक कलाओं ने कश्मीर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को जीवंत कर दिया। हिमाचल के कलाकार हिमांशी तंवर और अरुण जस्टा ने भी अपनी गायकी से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। हिमाचल प्रदेश पुलिस ब्रास बैंड की प्रस्तुति ने देशभक्ति और सांस्कृतिक गौरव का संदेश दिया, जबकि ‘वॉइस ऑफ माउंटेन्स’ प्रतियोगिता के प्रतिभागियों ने प्रतिभा का प्रदर्शन कर खूब सराहना बटोरी। उद्घाटन दिवस पर रिज मैदान और आसपास के क्षेत्रों में पर्यटकों तथा स्थानीय लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सराबोर यह शाम ग्रीष्मोत्सव की यादगार शुरुआत बन गई।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App