स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता के शिवान्या, अद्विका और अगमप्रीत बने विजेता

By: Jun 11th, 2026 12:02 am

समर फेस्टिवल के तहत तीन वर्गों में हुई प्रतियोगिता, १२३ बच्चों ने लिया भाग, प्रतिभा से निर्णायक मंडल को किया प्रभावित

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
अंतरराष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव के तहत बुधवार को स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता करवाई। निर्णायक मंडल द्वारा प्राप्त प्रविष्टियों का मूल्यांकन कर विजेताओं का चयन किया। प्रतियोगिता में विधायक शिमला शहरी हरीश जनारथा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। प्रतियोगिता में कुल २१६ बच्चों ने पंजीकरण किया था जिनमें १२३ ने भाग लिया। ० से १ वर्ष आयु वर्ग में कुल २७ प्रतिभागी शामिल रहे जिनमें शिवान्या पुत्री अंकुर भगता ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि विहम पुत्र अंकित ठाकुर द्वितीय तथा जोरावर सिंह पुत्र इंदरजीत सिंह तृतीय स्थान पर रहे। इसी प्रकार, १ से ३ वर्ष आयु वर्ग में ६४ बच्चों ने भाग लिया जिनमें अद्विका पुत्री स्वातिनाम शर्मा ने प्रथम स्थान हासिल किया। कनिका ठाकुर पुत्री विक्रम ने द्वितीय तथा अव्युक्त वर्मा पुत्र विकेश वर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। ३ से ५ वर्ष आयु वर्ग में कुल ३२ बच्चों ने भाग लिया, जिनमें अगमप्रीत पुत्र रणदीप सिंह प्रथम स्थान पर रहे। कैरव पुत्र विकेश वर्मा ने द्वितीय तथा सियारा गुप्ता पुत्री ऋषव गुप्ता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को क्रमश: प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार के रूप में २५,००० रुपए, २०,००० रुपए तथा १५,००० रुपए की नकद राशि प्रदान की गई। मुख्यातिथि ने विजेताओं को सम्मानित किया। प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल में डाक्टर पूनम कंवर, डाक्टर चंद्रकांता, डाक्टर पवना, डाक्टर नीलम पठानिया, डाक्टर मधु मतैन, डाक्टर सनी बंगा और डाक्टर रिया शामिल रहे। प्रतियोगिता के लिए १०० अंक का परीक्षण रखा था जिसमें विकास मापदंडों के २० अंक, पोषण की स्थिति के २० अंक, विकासात्मक महत्वपूर्णता के २० अंक, टीकाकरण की स्थिति के १५ अंक, शारीरिक जांच के १५ अंक और स्वच्छता और बातचीत के १० अंक रखे थे। इस दौरान नगर निगम शिमला के पार्षद अंकुश, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (कानून एवं व्यवस्था) पंकज शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी शिमला डाक्टर यशपाल रांटा सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App