शूलिनी विवि की साइकिल रैली ने दिया हरित भविष्य का संदेश
विश्व पर्यावरण दिवस पर विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति किया जागरूक
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-सोलन
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शूलिनी विश्वविद्यालय साइक्लिंग क्लब द्वारा पर्यावरण संरक्षण, स्वस्थ जीवनशैली और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से प्रतिभागियों ने स्थिरता, फिटनेस और हरित भविष्य का संदेश दिया। कार्यक्रम का समन्वयन विश्वविद्यालय के सहायक प्रोफेसर विक्रांत चौहान ने किया। रैली में विश्वविद्यालय के प्रशिक्षित साइकिल चालकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक किया। प्रतिभागियों ने निर्धारित मार्गों पर साइकिल चलाकर प्रदूषण कम करने, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया।
विक्रांत चौहान ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण की शुरुआत छोटे-छोटे प्रयासों से होती है और साइकिल चलाना ऐसा ही एक प्रभावी कदम है, जो स्वास्थ्य और पर्यावरण दोनों के लिए लाभकारी है। उन्होंने लोगों से दैनिक जीवन में पर्यावरण-अनुकूल विकल्प अपनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर शूलिनी विश्वविद्यालय ने छात्रों और समाज में पर्यावरण जागरूकता बढ़ाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। साइक्लिंग क्लब ने छात्र कल्याण विभाग के एसोसिएट डीन प्रोफेसर नीरज गंडोत्रा के मार्गदर्शन और सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया, जिनकी प्रेरणा से यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
