खेलों से युवाओं में बढ़ता है अनुशासन-आत्मविश्वास, प्रो बॉक्सिंग चैंपियनशिप के समापन समारोह के दौरान बोले CM
शिमला में प्रो बॉक्सिंग चैंपियनशिप के समापन समारोह के दौरान बोले मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू
वरिष्ठ संवाददाता — शिमला
खेल प्रतिभागियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को विकसित करते हैं। प्रदेश में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय आयोजनों से खिलाडिय़ों को विश्वस्तरीय प्रतियोगिताओं का अनुभव मिलता है और उनके खेल कौशल में वृद्धि होती है। यह कहना है सीए सुखविंदर सिंह सुक्खू का। दरअसल रिज मैदान पर आयोजित प्रो बॉक्सिंग चैंपियनशिप का मंगलवार देर शाम समापन हुआ। समापन समारोह में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस प्रतियोगिता का आयोजन पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की स्मृति में किया गया है।
उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह कांग्रेस पार्टी के कद्दावर नेता थे और प्रदेश के विकास में उनका उल्लेखनीय योगदान रहा है। यह प्रतियोगिता नवोदित खिलाडिय़ों को खेलों के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगी। इस मौके पर लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, प्रतिभा सिंह, हरीश जनारथा, हरदीप बावा, यशवंत छाजटा, सुरेंद्र चौहान, उप-महापौर उमा कौशल तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।
प्रो-बॉक्सिंग चैंपियनशिप में भारत की पूनम चैंपियन
पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की जयंती पर शिमला के रिज मैदान में आयोजित प्रो बॉक्सिंग चैंपियनशिप में भारत की पूनम विजेता बनी, जबकि भारत के दीपक और उज्बेकिस्तान के ओजदोबेक के बीच मुकाबला बराबरी पर छूटा। वहीं, भारतीय मुक्केबाजों के बीच हुए मुकाबलों में जसप्रीत ने खिताब अपने नाम किया है। इस प्रतियोगिता में श्रीलंका, भारत, ताजिकिस्तान, उज्बेकिस्तान और थाईलैंड के अंतरराष्ट्रीय स्तर के मुक्केबाजों ने भाग लिया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
