लावारिस बैल ने दुकानदार पर किया हमला
74 साल के दुकानदार हुए घायल, बाजू में लगे पांच टांके
निजी संवाददाता – भोरंज
उपमंडल के भरेड़ी कस्बे में लावारिस बैल के हमले में 74 वर्षीय दुकानदार गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल की पहचान ईश्वर दास निवासी गांव बगबाड़ के रूप में हुई है, जो भरेड़ी चौक में दुकान चलाते हैं। घटना के बाद क्षेत्र में लावारिस पशुओं के बढ़ते आतंक को लेकर लोगों में रोष व्याप्त है। जानकारी के अनुसार ईश्वर दास रोजाना की तरह दोपहर के समय अपनी दुकान बंद कर घर जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान दुकान के समीप घूम रहे एक लावारिस बैल ने अचानक उनपर हमला बोल दिया। बैल के हमले से वह सडक़ पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना को देखकर आसपास मौजूद दुकानदार और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे तथा घायल को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भरेड़ी पहुंचाया।
पीएचसी भरेड़ी में चिकित्सकों ने घायल का प्राथमिक उपचार किया। भरेड़ी पीएचसी के डा. विवेक ने बताया कि घायल की उम्र 74 वर्ष है। बैल के हमले से उनकी बाजू में गहरी चोट आई है, जिसके चलते पांच टांके लगाने पड़े। इसके अलावा उनके सिर और पीठ पर भी चोटें लगी हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत खतरे से बाहर होने पर उन्हें घर भेज दिया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि भरेड़ी और आसपास के क्षेत्रों में लावारिस पशुओं की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। लोगों के अनुसार यह वही बैल है, जो पहले भी कई लोगों पर हमला कर चुका है। समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए हैं।
प्रशासन से सुरक्षित ठिकानों की गुहार
ग्रामीणों और व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की है कि कस्बे में घूम रहे लावारिस एवं आक्रामक पशुओं को तुरंत पकडक़र सुरक्षित स्थानों पर भेजा जाए।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
