बिलासपुर में चलेगा समर मेला अभियान-2026 कमाल की तैयारी

By: Jun 11th, 2026 12:02 am

बच्चों की विद्यालयी तैयारी को मजबूत बनाने के लिए होगा आयोजन, जिला भर में अब से 25 जून तक चयनित 184 आंगनबाड़ी केंद्रों में होंगे समर मेले’

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-बिलासपुर
जिला बिलासपुर में छोटे बच्चों की विद्यालयी तैयारी को मजबूत बनाने के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से 11 जून से 25 जून तक विशेष समर मेला अभियान-2026 कमाल की तैयारी चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत जिले के चयनित 184 आंगनबाड़ी केंद्रों में समर मेलों का आयोजन होगा, जहां 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को खेल-खेल में सीखने और स्कूल के लिए तैयार करने की गतिविधियां करवाई जाएंगी। अभियान में बच्चों के साथ.साथ माताओंए अभिभावकों और स्थानीय समुदाय की भी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।जिला कार्यक्रम अधिकारी नरेंद्र कुमार ने बताया कि अभियान का उद्देश्य बच्चों में प्रारंभिक शिक्षा की मजबूत नींव तैयार करना है ताकि वे विद्यालय में प्रवेश के समय आत्मविश्वास के साथ सीखने की प्रक्रिया से जुड़ सकें। इसके लिए भाषा विकास, प्रारंभिक गणितीय समझ, संज्ञानात्मक क्षमता, शारीरिक विकास तथा सामाजिक एवं भावनात्मक कौशल को विकसित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। अभियान के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों में विभिन्न गतिविधि आधारित शिक्षण स्टॉल लगाए जाएंगे।

इन स्टॉलों के माध्यम से बच्चों को मनोरंजक और रचनात्मक तरीकों से सीखने का अवसर मिलेगा। रंगों की पहचान, अक्षर और अंक ज्ञान, कहानी सुनाना, चित्रकारी, समूह खेल, रचनात्मक गतिविधियां तथा शारीरिक विकास से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, जिससे बच्चों में सीखने के प्रति रुचि विकसित हो सके। विभाग का मानना है कि प्रारंभिक बाल्यावस्था में खेल के माध्यम से सीखना बच्चों के मानसिक और सामाजिक विकास के लिए सबसे प्रभावी तरीका है। इसी सोच के साथ समर मेले को समुदाय आधारित कार्यक्रम के रूप में तैयार किया गया है। समर मेला अभियान केवल बच्चों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि अभिभावकों को भी बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक किया जाएगा। माताओं और परिवार के अन्य सदस्यों को यह बताया जाएगा कि घर पर सरल गतिविधियों के माध्यम से बच्चों की सीखने की क्षमता को किस प्रकार बढ़ाया जा सकता है। नरेंद्र कुमार ने कहा कि बच्चों की शिक्षा केवल विद्यालय या आंगनबाड़ी की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि परिवार की सहभागिता भी है।

तीन चरणों में चलेगा अभियान

जिला कार्यक्रम अधिकारी नरेंद्र कुमार के अनुसार अभियान को तीन चरणों में संचालित किया जाएगा। पहले चरण में 11 जून से 25 जून तक समर मेलों का आयोजन होगा। इसके बाद 26 जून से 31 जुलाई तक घर आधारित गतिविधियां और अभिभावक जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App