सुरभि करोल को मिला ‘बेस्ट एग्जबिटर’ सम्मान
सेजिस की वार्षिक पुष्प प्रदर्शनी संपन्न, उत्कृष्ट पुष्पों और उद्यानिकी कौशल का किया शानदार प्रदर्शन
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
रंग-बिरंगे फूलों, आकर्षक सजावटी पौधों और बागबानी प्रेमियों की रचनात्मक प्रस्तुतियों से सजी सेजिस की वार्षिक पुष्प प्रदर्शनी बुधवार को संपन्न हो गई। प्रदर्शनी में विभिन्न श्रेणियों के प्रतिभागियों ने अपने उत्कृष्ट पुष्पों और उद्यानिकी कौशल का शानदार प्रदर्शन किया, जिससे दर्शकों के साथ-साथ निर्णायक भी प्रभावित हुए। समापन अवसर पर विजेताओं को सम्मानित किया।
समूह श्रेणी के कार्नेशन वर्ग में लक्ष्मी दास ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। लिलियम वर्ग में भुवनेश्वर कुमार प्रथम तथा ओम प्रकाश द्वितीय रहे, जबकि ग्लैडियोलस श्रेणी में राजेंद्र कुमार विजेता बने। गुलाब वर्ग में केशव राम ने पहला और अवंतिका ने दूसरा स्थान हासिल किया। एल्स्ट्रोमीरिया श्रेणी में हॉर्टिकल्चर विभाग के शिशुराम को प्रथम पुरस्कार मिला। सीजल एवं सीजनल फ्लावर्स वर्ग में मोहन लाल प्रथम तथा अरुण कुमार द्वितीय रहे। व्यक्तिगत श्रेणी में गीता दत्ता ने सर्वाधिक सात पुरस्कार जीतकर विशेष उपलब्धि हासिल की। मेजर ऋतु कालरा और सुरभि करोल ने पांच-पांच पुरस्कार अपने नाम किए। उत्कृष्ट प्रदर्शन और आकर्षक प्रस्तुति के लिए सुरभि करोल को प्रतिष्ठित ‘बेस्ट एग्जबिटर’ सम्मान प्रदान किया गया। स्वराज ललित और ए.पी.एस. कोच्छर ने दो-दो पुरस्कार जीते, जबकि सतीश भल्ला को भी उनकी उत्कृष्ट प्रविष्टियों के लिए सम्मानित किया गया।
पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के प्रति बढ़ा लगाव
प्रदर्शनी में प्रदर्शित फूलों और सजावटी पौधों ने पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के प्रति लोगों के बढ़ते लगाव की झलक पेश की। बड़ी संख्या में पहुंचे दर्शकों ने आयोजन को प्रेरणादायक और ज्ञानवर्धक बताया। इस वर्ष डिजिटल विजटिर बुक की विशेष व्यवस्था भी की गई, जिसमें आगंतुकों ने अपने सुझाव और अनुभव दर्ज किए। समापन अवसर पर सेजिस की अध्यक्ष सुषमा भारद्वाज ने जिला प्रशासन, प्रतिभागियों, विभागों, प्रायोजकों, स्वयंसेवकों और आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदर्शनी की सफलता बागबानी और प्रकृति के प्रति लोगों के बढ़ते जुड़ाव का प्रमाण है तथा भविष्य में इसे और अधिक भव्य स्वरूप में आयोजित किया जाएगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
