भालू दिखने पर ये सावधानियां बरतें
डीएफओ रजनीश महाजन ने जायजा लेकर ग्रामीणों से संवाद कर किया जागरूक
स्टाफ रिपोर्टर-डलहौजी
वन मंडल डलहौजी के अंतर्गत राक गार्डन क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से मादा भालू की शावकों सहित रिहायशी क्षेत्र के इर्द-गिर्द गतिविधियों के मददेनजर वनमंडलाधिकारी रजनीश महाजन ने अपनी टीम सहित क्षेत्र का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय निवासियों से सीधे संवाद स्थापित कर मानव-वन्यजीव संघर्ष की संभावनाओं को कम करने के लिए आवश्यक सुरक्षा उपायों एवं सावधानियों के बारे में जानकारी दी। वनमंडलाधिकारी रजनीश महाजन ने लोगों को भालू दिखाई देने की स्थिति में सुरक्षित दूरी बनाए रखने, उसे उकसाने या भोजन उपलब्ध कराने जैसी गतिविधियों से बचने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि वन्यजीवों की गतिविधियों की समय पर सूचना वन विभाग को देने से किसी भी संभावित खतरे को टालने में मदद मिलती है।
इस दौरान स्थानीय लोगों से भालू की आवाजाही, उसके संभावित मार्गों तथा क्षेत्र में मौजूद आकर्षण कारकों के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की गई। वन विभाग द्धारा लोगों को जागरूक करते हुए मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने के लिए सामुदायिक सहयोग की आवश्यकता पर बल दिया गया। वनमंडलाधिकारी के इस त्वरित दौरे और जनसंवाद से स्थानीय लोगों में विश्वास का माहौल बना। क्षेत्रवासियों ने वन विभाग की सक्रियता की सराहना करते हुए समय पर सहायता, मार्गदर्शन एवं जागरूकता कार्यक्रम के लिए आभार व्यक्त किया। विभाग की तत्परता से लोगों को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी मिली है और क्षेत्र में भय का माहौल कम हुआ है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
