गिरिपार के शिक्षक तपेंद्र नेगी ने बढ़ाया प्रदेश का मान, जर्मनी में लोकतंत्र अध्ययन दौरे का बने हिस्सा

By: Jun 17th, 2026 12:02 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-नाहन
गिरिपार क्षेत्र के शिलाई गांव से संबंध रखने वाले जेबीटी शिक्षक तपेंद्र सिंह नेगी को हाल ही भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जर्मनी के अध्ययन दौरे पर भेजे गए प्रतिनिधिमंडल में शामिल होने का गौरव प्राप्त हुआ है। भारत निर्वाचन आयोग ने अग्रणी लोकतांत्रिक देशों के साथ द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने और चुनावी प्रक्रियाओं के आदान-प्रदान के उद्देश्य से हिमाचल प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल को जर्मनी भेजा था।

इस दल में उपायुक्त सिरमौर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रियंका वर्मा सहित तपेंद्र सिंह नेगी को भी बतौर बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) शामिल किया गया। आठ से 12 जून तक चले इस अध्ययन दौरे के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने जर्मनी की लोकतांत्रिक और प्रशासनिक व्यवस्थाओं का गहन अध्ययन किया। टीम ने बर्लिन, हीडलबर्ग यूनिवर्सिटी, भारतीय डायस्पोरा, फेडरल मंत्रालयों, फेडरल कोर्ट तथा जर्मन संसद का दौरा किया। इस दौरान लोकतंत्र को अधिक प्रभावी और मजबूत बनाने से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श हुआ तथा दोनों देशों के अनुभवों का आदान-प्रदान किया गया।

प्रदेश के प्रतिनिधिमंडल में ये रहे शामिल…
जर्मनी अध्ययन दौरे के लिए हिमाचल प्रदेश से प्रधान सचिव निर्वाचन एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी नंदिता गुप्ता, उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा, स्टेट नोडल ऑफिसर एवं तहसीलदार निर्वाचन मुंशी शर्मा और राजकीय प्राथमिक पाठशाला पंदयाट, शिलाई के जेबीटी शिक्षक तपेंद्र सिंह नेगी का चयन किया गया था। एसडीएम शिलाई एवं निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी जसपाल का भी चयन हुआ था, लेकिन वे किन्हीं कारणों से दौरे में शामिल नहीं
हो सके।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App