शिक्षकों ने पेश किए शिक्षा में एआई के अनोखे और जादुई इस्तेमाल

By: Jun 14th, 2026 12:50 am

शिव शक्ति कॉन्वेंट स्कूल में एआई और सीटी पर सजी कार्यशाला
स्टाफ रिपोर्टर – घुमारवीं
शिव शक्ति कॉन्वेंट स्कूल में बहुविषयक अभिकलनात्मक सोच (सीटी) एवं कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) विषय पर एक दिवसीय इन-हाउस कार्यशाला का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का उद्देश्य शिक्षकों को नवीन तकनीकों एवं एआई पर आधारित शिक्षण पद्धतियों से परिचित कराना था। कार्यशाला का शुभारंभ पाठशाला के प्रबंधक डा. श्रवण कुमार, प्रधानाचार्या निर्मला देवी और निर्णायक मंडल के द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस कार्यशाला में निर्णायक के रूप में सुनंदा सूद टीजीटी कंप्यूटर साइंस, मनोज कुमार कश्यप सहायक प्रधानाचार्य, रमन ठाकुर असिस्टेंट प्रोफेसर करियर प्वाइंट यूनिवर्सिटी हमीरपुर से रहे। कार्यशाला के दौरान सोलह शिक्षकों ने विभिन्न विषयों में सीटी एवं एआई के एकीकरण को दर्शाते हुए रचनात्मक प्रस्तुतियां दीं। प्रतिभागियों ने गणित, विज्ञान, हिंदी, अंग्रेजी, सामाजिक विज्ञान तथा अन्य विषयों में एआई के व्यावहारिक उपयोग और नवाचारपूर्ण शिक्षण गतिविधियों को प्रस्तुत किया। प्रस्तुत किए गए विचारों और गतिविधियों को सभी शिक्षकों ने सराहा।

50 शिक्षकों ने सीखे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के गुर
कार्यशाला में शिक्षकों को समस्या समाधान, तार्किक चिंतन, डेटा विश्लेषण तथा एआई के शैक्षिक उपयोग से संबंधित महत्त्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं। विभिन्न गतिविधियों और समूह चर्चाओं के माध्यम से शिक्षकों ने सीटी एवं एआई के प्रभावी उपयोग को समझा। इस कार्यशाला में स्थानीय पाठशाला और विभिन्न पाठशालाओं के लगभग 50 शिक्षकों ने भाग लिया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App