10 साल बीते, अब और इंतजार बर्दाश्त नहीं
एरियर और डीए पर दिखा बिजली बोर्ड पेंशनरों का गुस्सा, हमीरपुर में सरकार के खिलाफ जताया भारी आक्रोश
स्टाफ रिपोर्टर – हमीरपुर
हिमाचल बिजली बोर्ड पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन जिला हमीरपुर की मीटिंग हमीरपुर में शुक्रवार को जिला अध्यक्ष ई. केके कपिल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। इसमें 100 से अधिक सदस्यों ने भाग लिया। ई. जेसी शर्मा मुख्य अभियंता (सेवानिवृत्त) विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। एसोसिएशन द्वारा उन्हें टोपी मफलर तथा स्मृति चिन्ह भेंट करके सम्मानित किया गया। प्रदेश अध्यक्ष सीएस चंदेल तथा वरिष्ठ अध्यक्ष डीएस ढटवालिया विशेष रूप से उपस्थित हुए। मीटिंग का संचालन अतिरिक्त महासचिव कमलजीत ठाकुर ने किया। इस मौके पर हमीरपुर जिला के पेंशनरों को बिजली बोर्ड द्वारा जारी पहचान पत्र वितरित किए गए। बैठक को मनोहर लाल, देवराज गोस्वामी, केएस डोगरा, अशोक शर्मा सहित प्रदेश अध्यक्ष सीएस चंदेल तथा वरिष्ठ उपाध्यक्ष डीएस ढटवालिया ने संबोधित किया।
पेंशनरों ने प्रदेश सरकार और बिजली बोर्ड प्रबंधकों से 2016 से 2022 तक सेवानिवृत्त 63 से 70 वर्ष आयु वाले पेंशनरों को संशोधित वेतन तथा पेंशन का एरियर एकमुश्त प्रदान करने की मांग की। इसके अलावा उनकी संशोधित ग्रेच्युटी, लीव इनकैशमेंट तथा क युटेशन राशि भी अविलंब जारी करने की मांग की। उन्होंने कहा कि पहले ही 10 वर्ष का समय निकल चुका है तथा अब और विलंब सहन नहीं किया जा सकता। पेंशनरों ने प्रदेश सरकार द्वारा 15 फीसदी डीए नहीं दिए जाने पर भी अत्याधिक आक्रोश जताया। उन्होंने कहा कि महंगाई दिन प्रतिदिन बढ़ रही है मगर प्रदेश सरकार ने जनवरी 2024 के बार 15 प्रतिशत महंगाई भत्ता रोक रखा है और जुलाई 2022 से मार्च 2024 तथा जनवरी 2023 से सितंबर 2024 तक देय 42 महीनों का 40 प्रतिशत डीए बकाया भी रोक रखा है।
इंजीनियर केके कपिल बने जिला प्रधान
बैठक में अगले दो वर्षों के लिए कार्यकारिणी और बड़सर, हमीरपुर तथा नादौन यूनिटों की कार्यकारिणी का चुनाव डीएस ढटवालिया और सीएस चंदेल द्वारा करवाया गया, जिसमें ई. केके कपिल जिला प्रधान, ई. हरदीप ठाकुर वरिष्ठ उपप्रधान, ओपी चंदेल, देशराज शर्मा, राम आसरा शर्मा तथा ज्ञान चंद भाटिया को उपप्रधान, लाल चंद परमार महासचिव, कमलजीत ठाकुर अतिरिक्त महासचिव, केके शर्मा उप महासचिव, अशोक शर्मा वित्त सचिव, एके कतना मुख्य संगठन सचिव, राजन गुप्ता, अरूण शर्मा, मुकेश मढिय़ा तथा सुभाष धीमान को संगठन सचिव, चंद्रसेन, यशपाल धीमान, उत्तर चौहान तथा जोगिंद्र शर्मा सह सचिव तथा पीडी शर्मा को जिला कार्यकारिणी में ऑडिटर के पद पर निर्विरोध चुना गया। ई. केडी डोगरा को मुख्य सलाहकार और ई. देशराज शर्मा को सलाहकार बनाया गया। इसके अलावा बड़सर यूनिट का प्रधान ई. सोमदत्त धीमान तथ्ज्ञा सचिव रमेश शर्मा, हमीरपुर यूनिट का प्रधान किशोरी लाल शर्मा तथा सचिव मनोहर लाल आर्य और नादौन यूनिट का प्रधान ओपी धीमान तथा सचिव सुरेंद्र वर्मा को निर्विरोध चुना गया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
