जो बोले सो निहाल…से गूंजी राजधानी

By: Jun 17th, 2026 12:02 am

शहीदी दिवस पर निकला विशाल नगर कीर्तन, गुरु वाणी और गतका प्रदर्शन से संगत निहाल

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
राजधानी शिमला में श्री गुरु सिंह सभा शिमला की ओर से मंगलवार को श्री गुरु अर्जन देव के 420वें पावन शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में नगर कीर्तन निकाला गया। गुरुद्वारा साहिब श्री गुरु सिंह सभा शिमला में 18 जून को आयोजित होने वाले शहीदी दिवस समारोह से पूर्व निकाले गए नगर कीर्तन में बड़ी संख्या में संगत ने भाग लिया। दोपहर करीब एक बजे गुरुद्वारा साहिब से साहिब श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी महाराज की पावन हजूरी तथा पंज प्यारों की अगुवाई में नगर कीर्तन आरंभ हुआ। यह गुरुद्वारा साहिब से राम बाजार, लोअर बाजार होते हुए डीसी ऑफिस तक पहुंचा। नगर कीर्तन के दौरान पारंपरिक बैंड और हिमाचली वाद्य यंत्रों की मधुर धुनों से पूरा शहर गुंजायमान रहा।

सीटीओ चौक पर गतका दलों ने कृपाण सखी, डंडा, तलवारबाजी, चक्कर, सोठी, आरा तथा आंखों पर पट्टी बांधकर करतब दिखाए, जिन्हें देखकर लोग रोमांचित हो उठे। इसके बाद संगत पालकी साहिब के साथ लोअर बाजार होते हुए इंदिरा गांधी खेल परिसर पहुंची, जहां दीवान सजाया गया। रागी जत्थों, प्रचारकों और स्थानीय शब्दी जत्थों ने कीर्तन एवं गुरमत विचारों से संगत को निहाल किया। कार्यक्रम शाम 5 बजे से 8.30 बजे तक चला। दीवान की समाप्ति के बाद पालकी साहिब हाईकोर्ट और कार्ट रोड मार्ग से पूरे सम्मान के साथ गुरुद्वारा साहिब पहुंची। इस अवसर पर इंदिरा गांधी खेल परिसर तथा नगर कीर्तन मार्ग में विभिन्न स्थानों पर छबील सेवा और लंगर सेवा का आयोजन किया। 17 जून को सुबह 7.10 बजे से धार्मिक कायक्रम आरंभ होंगे, जबकि 18 जून को श्री गुरु अर्जन देव का पावन शहीदी दिवस और श्री गुरु सिंह सभा शिमला का 144वां वार्षिक दीवान आयोजित किया जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App