कानूनी प्रक्रिया के कारण पुलिया के काम में देरी
विधायक विवेक शर्मा बोले, कुछ लोग सियासत के लिए कर रहे हैं शोर-शराबा
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-ऊना
कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत कोटला खुर्द में क्षतिग्रस्त पुली को लेकर चल रहे राजनीतिक विवाद के बीच विधायक विवेक शर्मा ने विपक्षी नेताओं और आंदोलन कर रहे लोगों पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग जनता को गुमराह करके अपनी राजनीतिक जमीन तैयार करने के उद्देश्य से पुली निर्माण के मुद्दे को लेकर अनावश्यक भ्रम फैलाने में लगे हुए हैं, जबकि वास्तविकता यह है कि इस पुली के निर्माण की प्रक्रिया काफी पहले शुरू हो चुकी थी और सरकार द्वारा इसके लिए आवश्यक धनराशि भी स्वीकृत की जा चुकी है। कोटला खुर्द में पत्रकारों से बातचीत करते हुए विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि जो लोग आज यहां आकर आंदोलन कर रहे हैं और स्वयं को जनता का हितैषी बताने का प्रयास कर रहे हैं, उन्हें पहले यह स्पष्ट करना चाहिए किदेरी के लिए जिम्मेदार कौन है। जनता को सच्चाई बताई जानी चाहिए।
दो दिन पहले हुआ टेंडर, जल्द शुरू होगा काम
विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि हाल ही में पुली निर्माण का टेंडर पुन: यूनीक इंजीनियर कंपनी के खाते में गया है और अब निर्माण कार्य शुरू करने की दिशा में आवश्यक प्रक्रियाएं आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में पुली निर्माण का कार्य तेजी से शुरू होगा और क्षेत्र की जनता को राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा शुरू से ही इस पुली का निर्माण करवाने की रही है और इसके लिए वित्तीय स्वीकृति भी पहले ही दी जा चुकी है। ऐसे में कुछ लोगों द्वारा यह दावा करना कि आंदोलन के कारण सरकार जागी है, पूरी तरह निराधार है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
