डीडीएम स्कूल गोंदपुर बनेहड़ा में गूंजा योग का संदेश

By: Jun 11th, 2026 12:02 am

डाक्टर हेमराज की टीम ने सिखाए सेहत के गुर, बच्चों ने सीखे आसन

स्टाफ रिपोर्टर – दौलतपुर चौक
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में डीडीएम इंटरनेशनल स्कूल गोंदपुर बनेहड़ा अपर में विशेष योग जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत डा. हेमराज और उनकी टीम ने विद्यालय पहुंचकर विद्यार्थियों को योग के महत्व, इसके स्वास्थ्य लाभों तथा स्वस्थ जीवनशैली में इसकी भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

इस दौरान विद्यार्थियों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास भी करवाया गया। टीम ने बताया कि नियमित योग करने से शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक एकाग्रता, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच का विकास होता है। विद्यालय की चेयरपर्सन चंचला देवी ने विद्यार्थियों को नियमित योगाभ्यास अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि योग स्वस्थ और संतुलित जीवन का आधार है। प्रधानाचार्य नरेंद्र शर्मा ने डा. हेमराज और उनकी टीम का आभार व्यक्त किया।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर बांटा ज्ञान

समन्वयक पंकज कुमार सहित विद्यालय के समस्त अध्यापक और कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सक्रिय योगदान दिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के महत्व से अवगत करवाना था। ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक साबित हुए इस कार्यक्रम को विद्यार्थियों ने खूब सराहा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App