19 करोड़ से बनेगी नगर निगम की बिल्डिंग, एक ही भवन में होंगे मेयर, डिप्टी मेयर के ऑफिस

By: Jun 6th, 2026 12:51 am

टाउन हॉल के परिसर में शुरू हुआ भवन बनाने का प्रारंभिक चरण, पार्किंग की सुविधा भी मिलेगी, 18 महीने में तैयार होगा भवन
स्टाफ रिपोर्टर- हमीरपुर
नगर निगम हमीरपुर का भवन 19 करोड़ की लागत से बनकर तैयार होगा। इसके लिए प्रांरभिक चरण का कार्य आरंभ किया गया है। टाउन हॉल के साथ ही परिसर में इस भवन का निर्माण किया जाएगा। यहां पर न सिर्फ ऑफिस होंगे, बल्कि पार्किंग का भी उचित प्रबंध रहेगा। लोगों को शहर के बीच ही नगर निगम का बेहतर कार्यालय उपलब्ध रहेगा, ताकि इन्हें अपने कामकाम निपटाने में परेशानी न हो। वाहनों के लिए बेहतर पार्किंग भी सुविधा भी उपलब्ध करवाई जाएगी। वाहन पार्किंग को लेकर अकसर शहर में दिक्कत रहती है, इसलिए पार्किंग का भी निर्माण किया जाएगा। टाउन हॉल के साथ ही नया भवन जुड़ेगा। इन दिनों जेसीबी के माध्यम से भवन की नींव खुदाई का कार्य किया गया है। परिसर में ही ावन निर्माण के लिए गहरी नींव को जेसीबी के माध्यम से खोदा गया है। डिजाइन के आधार पर भव्य भवन निर्मित होगा। बताया जा रहा है कि यहां पर नगर निगम अधिकारियों सहित पार्षदों के कार्यालय होंगे। टाउन हॉल के बाहर परिसर में 19 करोड़ रुपए की लागत से बन रहे तीन मंजिला भवन में नगर निगम हमीरपुर का अपना कार्यालय, मेयर व डिप्टी मेयर के लिए अलग-अलग से ऑफिस के अलावा अन्य कार्यालय बनाए जाएंगे।

निचले तल पर वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था भी की जा रही है। ऊपरी तल पर एक बड़ा हाल बनाया जा रहा है, जिसमें नगर निगम की बैठकों का आयोजन किया जा सकेगा। नगर निगम के भवन में विभागीय सुविधाओं के संचालन की बेहतर रूपरेखा तैयार कर भवन निर्माण की प्रक्रिया को आरंभ किया गया है। बता दें कि वर्तमान में नगर निगम का कार्यालय उसी भवन में चल रहा है जिसमें नगर परिषद का ऑफिस संचालित था। सिर्फ नगर परिषद के नाम पर नगर निगम का बोर्ड लगाया गया है। नगर निगम बनने पर जहां कार्य का स्वरूप बदला है, तो वहीं स्टाफ की संख्या में भी बढ़ोतरी संभव है। ऐसे में नगर निगम का बड़ा तीन मंजिला भवन बनने जा रहा है। जरूरतों पर मंथन करने के उपरांत इसके निर्माण की रूपरेखा को तैयार किया गया है। निर्धारित बजट में टाउन हॉल की रेट्रोफिटिंग भी की जाएगी। नगर निगम हमीरपुर के कमिश्रर राकेश शर्मा ने बताया कि नगर निगम हमीरपुर का अपना भवन अगले 18 महीनों में बनकर तैयार होगा। इसके निर्माण के लिए इतनी समयावधि तय की गई है। उन्होंने बताया कि टाउन हाल को भी अपग्रेड किया जाएगा तथा शहर के बीचों बीच नगर निगम कार्यालय बनने से लोगों को लाभ होगा। उन्होंने बताया कि धरातल में पार्किंग बनाई जाएगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App