टमक की थाप पर सजेगा पिपलू मेला, उमड़ेगा जनसैलाब

By: Jun 11th, 2026 12:02 am

24 जून से शुरू होगा तीन दिवसीय पिपलू मेला, सोलहसिंगी धार में उमड़ेगा आस्था का महामेला

स्टाफ रिपोर्टर – बंगाणा
जिला ऊना और हमीरपुर की सीमा पर सोलहसिंगी धार में स्थित ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व के पीपलू मेले का आयोजन इस वर्ष 24 से 26 जून तक किया जाएगा। निर्जला एकादशी पर्व से जुड़े इस तीन दिवसीय जिला स्तरीय मेले में हजारों श्रद्धालुओं, कलाकारों, व्यापारियों और पर्यटकों के पहुंचने की संभावना है। धार्मिक आस्था, लोक संस्कृति और सामाजिक परंपराओं का प्रतीक यह मेला क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जाता है। पीपलू मेला भगवान नृसिंह देव मंदिर ठाकुरद्वारा पीपलू से जुड़ी धार्मिक मान्यताओं के कारण विशेष महत्व रखता है। मेले का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चारण, झंडा रस्म और पारंपरिक टमक की थाप के साथ होगा।

मेले के दौरान मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है और पूरा क्षेत्र भक्ति के रंग में रंग जाता है। ऊना और हमीरपुर जिलों की सीमा के समीप स्थित श्री नृसिंह देव मंदिर क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल है। मान्यता है कि यहां भगवान नृसिंह शालिग्राम शिला के रूप में विराजमान हैं। श्रद्धालु दूर-दूर से यहां पहुंचकर सुख, समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना करते हैं। मंदिर से जुड़ी एक प्राचीन लोककथा भी लोगों की आस्था का केंद्र है। कहा जाता है कि हटली महेड़ गांव के एक किसान को स्वप्न में दिव्य शिला को भूमि से निकालकर पीपल वृक्ष के नीचे स्थापित करने का संकेत मिला था। बाद में उसी स्थान पर शिला स्थापित की गई और यह स्थल श्रद्धा का प्रमुख केंद्र बन गया। निर्जला एकादशी के अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाएं व्रत रखकर भगवान नृसिंह की पूजा-अर्चना करती हैं। ऊना, हमीरपुर, कांगड़ा, बिलासपुर तथा अन्य क्षेत्रों से श्रद्धालु मंदिर पहुंचकर चढ़ावा अर्पित करते हैं और धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लेते हैं। गर्मी के मौसम में यह सेवा श्रद्धालुओं के लिए विशेष राहत का माध्यम बनती है। इस वर्ष जिला प्रशासन द्वारा मेले को और अधिक भव्य बनाने की तैयारियां की गई हैं।

रंगारंग प्रस्तुतियां बांधेंगी समां

तीन दिवसीय आयोजन में खेल प्रतियोगिताएं, डॉग शो, विभिन्न विभागों की विकास योजनाओं की प्रदर्शनियां तथा स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसके अलावा हिमाचली और पंजाबी कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक संध्याओं में रंगारंग प्रस्तुतियां दी जाएंगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App