10 से 23 जुलाई तक होगी श्रीखंड महादेव कैलाश यात्रा
निजी संवाददाता-निरमंड
उत्तर भारत की सबसे कठिन और आस्था से जुड़ी यात्राओं में शामिल श्रीखंड महादेव कैलाश यात्रा इस वर्ष 10 जुलाई से 23 जुलाई तक आयोजित की जाएगी। यात्रा के सफल संचालन और व्यवस्थाओं को लेकर मंगलवार को पंचायत समिति सभागार निरमंड में श्रीखंड महादेव यात्रा ट्रस्ट की बैठक हुई, जिसकी अध्यक्षता यात्रा ट्रस्ट के उपाध्यक्ष एवं एसडीएम निरमंड जगदीप सिंह राठौर ने की। बैठक में ट्रस्ट के संस्थापक सदस्य एवं हिमाचल प्रदेश मिल्क फेडरेशन के चेयरमैन बुद्धि सिंह ठाकुर, सदस्य गोविंद प्रसाद शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में यात्रा से संबंधित व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। एसडीएम जगदीप सिंह राठौर ने बताया कि यात्रा के दौरान मेडिकल, राजस्व, पुलिस, वन विभाग तथा राहत एवं बचाव दलों की विशेष तैनाती की जाएगी।
यात्रा मार्ग बागीपुल-जाओं को छह सेक्टरों में विभाजित किया गया है। सिंहगाड़, थाचडू, कुनशा, भीम डवारी और पार्वती बाग में बेस कैंप स्थापित किए जाएंगे। प्रत्येक सेक्टर में सेक्टर मजिस्ट्रेट, पुलिस अधिकारी, पर्वतारोहण दल, जल शक्ति, वन, लोक निर्माण तथा अन्य विभागों की टीमें तैनात रहेंगी। एसडीआरएफ के 18 जवान तथा अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण संस्थान मनाली के 24 बचाव कर्मी यात्रा के दौरान सेवाएं देंगे। बाहरी राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ऑनलाइन पंजीकरण पोर्टल शीघ्र शुरू किया जाएगा, जबकि सीमित ऑफलाइन पंजीकरण की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। यात्रा पंजीकरण शुल्क पूर्व की भांति 250 रुपए प्रति व्यक्ति रखा है। यात्रा मार्ग में खाद्य पदार्थों और भोजन की दरों में मामूली वृद्धि की है। बैठक में तहसीलदार निरमंड रजत शर्मा, एक्सईएन पीडब्ल्यूडी आनंद शर्मा, एक्सईएन जल शक्ति विभाग किशोर कुमार शर्मा, डीएफओ आनी चमन राव, एसडीओ पीडब्ल्यूडी राकेश नेगी, बीडीओ नरेश कुमार कौशल, कार्यकारी बीएमओ प्रदीप नेगी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
