झमाझम बारिश से मौसम हुआ कूल-कूल

By: Jun 12th, 2026 12:48 am

पहली फुहारों ने दिलाई भीषण गर्मी से राहत, बच्चों ने उठाया आनंद
स्टाफ रिपोर्टर-दौलतपुर चौक
नगर पंचायत दौलतपुर चौक एवं इसके आसपास के क्षेत्रों में गुरुवार शाम हुई झमाझम बारिश ने भीषण गर्मी से बेहाल लोगों को बड़ी राहत पहुंचाई। दिनभर चिलचिलाती धूप और उमस से परेशान लोगों ने बारिश की पहली फुहारों का खुले दिल से स्वागत किया। बच्चे, बुजुर्ग और युवा सभी बारिश का आनंद लेते नजर आए, जबकि कई बच्चे ठंडी फुहारों में भीगते हुए मस्ती करते दिखाई दिए। गौरतलब है कि दिन में क्षेत्र में तेज धूप खिली हुई थी और तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया था। गुरुवार शाम करीब पांच बजे तक गर्मी रही।

इसके बाद अचानक तेज हवाएं चलनी शुरू हुईं और देखते ही देखते आसमान में काले बादल उमडऩे लगे। मौसम का बदला मिजाज देख लोग आसमान की ओर टकटकी लगाए रहे और शाम करीब छह बजे शुरू हुई झमाझम बारिश ने हर किसी के चेहरे पर मुस्कान बिखेर दी। बारिश से किसानों के चेहरों पर भी खुशी देखने को मिली। किसानों का कहना है कि मक्की तथा चरी-ज्वार की फसलों के लिए यह बारिश बेहद लाभदायक साबित होगी। समय पर हुई वर्षा से फसलों की बढ़वार बेहतर होगी और सिंचाई की चिंता भी काफी हद तक कम हो जाएगी। किसानों ने इसे खेती-बाड़ी के लिए शुभ संकेत बताया है। बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App