कार की छत पर पर्यटकों के स्टंट
कसोल में सैलानी बेलगाम, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
कार्यालय संवाददाता-कुल्लू
पर्यटन एवं धार्मिक नगरी मणिकर्ण से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसमें हरियाणा के पर्यटक सडक़ पर स्टंट करते नजर आ रहे हैं। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में देखा गया है कि कार में सवार युवक तेज रफ्तार गाड़ी की सनरूफ से बाहर नंगे निकलकर स्टंटबाजी कर रहे हैं। यह खतरनाक हकरत कसोल क्षेत्र में की गई है। मणिकर्ण पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है। मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं रात में अक्सर होती हैं। उनका कहना है कि इससे रात में सडक़ पर चलने वाले लोगों की जान को खतरा है।
जिला कुल्लू के मनाली, मणिकर्ण क्षेत्र में बाहरी राज्यों से घूमने आने वाले युवा अपनी जान को जोखिम में डालकर स्टंटबाजी करने से बाज नहीं आ रहे हैं। ट्रैफिक नियमों को ताक पर रखकर सडक़ पर खुलेआम स्टंट किए जा रहे हैं। एसपी कुल्लू मदन लाल ने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल हुई पर्यटकों की स्टंटबाजी वीडियो पर जांच की जा रही है। एसपी ने पर्यटकों से अपील की है कि वे सडक़ पर ट्रैफिक, सुरक्षा नियमों का पालन करें और हिल स्टेशनों पर सुरक्षित ढंग से यात्रा करें। पर्यटक स्थलों पर लापरवाही और स्टंटबाजी न सिर्फ खुद की जान के लिए खतरा है, बल्कि यह दूसरों की सुरक्षा से भी खिलवाड़ है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
