बगस्याड़ में LNT मशीन लेकर जा रहा ट्रक खाई में गिरा, चालक की मौत

By: Jun 6th, 2026 10:47 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो—बगस्याड़

सराज की बदहाल बगस्याड़ शिकावरी सडक़ पर एक ट्रक के गहरी खाई में गिर जाने से चालक की मौत हो गई है। यह दुर्घटना रात को करीब पौने 11 बजे घटित हुई। मृतक चालक को उपचार के लिए पहले बगस्याड़ लाया गया था। बताया जा रहा है कि ट्रक पर एक एलएनटी मशीन लदी हुई थी। आपदा से सडक़ खराब थी। रात के समय जब यह ट्रक कांढी गांव से करीब 200 मीटर आगे पंहुचा, तो दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

ट्रक में कुल दो लोग सवार थे। रात के समय ट्रक में सवार एक व्यक्ति सडक़ की खराब हालत के चलते ट्रक चालक की मदद को सडक़ किनारे पैदल ही चल रहा था। शिकावरी रोड पर जहां यह हादसा हुआ, वहां पर सडक़ की चौड़ाई भी कम बताई जा रही है। हादसे के समय ट्रक के पीछे एक कार चल रही थी। कार में तारा चंद सवार थे और हादसे के बाद उन्होंने ही कांढी गांव में फोन कर मदद मांगी। इसके बाद कांढी के आशु, दीपू, नीशू और नीतू के सहयोग से रेस्क्यू आप्रेशन चलाया गया और घायल चालक को खाई से निकाला गया। घायल को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। मृतक चालक की पहचान संतोष कुमार (38) पुत्र हेम सिंह, सरकाघाट गांव गैहरा के रूप में हुई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App