कांगड़ा रेल ट्रैक पर दो ट्रेन को छुट्टी, हर शुक्रवार सभी सेवाएं बंद, रेलवे के फैसले से लोगों में छाई मायूसी

By: Jun 11th, 2026 12:07 am

हफ्ता भर पहले रेलगाडिय़ों की शुरुआत पर दो सांसदों ने विशेष कार्यक्रम में दिखाई थी हरी झंडी, रेलवे के फैसले से लोगों में छाई मायूसी

टीम — कांगड़ा, बैजनाथ

रेलवे विभाग का दो ट्रेनों को बंद करने का आदेश जनता जनार्दन के गले नहीं उतर रहा है। साथ ही 12 जून से हर शुक्रवार तमाम ट्रेनें बंद रखने का भी ऐलान रेलवे विभाग ने किया है। सालों से बंद पड़ी ट्रेनों को एक हफ्ता पहले दोबारा चालू करने के लिए बड़ा तामझाम किया गया। दो-दो सांसद यहां उद्घाटन करने पहुंचे थे। अभी उद्घाटन को एक हफ्ता भी नहीं हुआ, कि रेलवे विभाग ने दो ट्रेन बंद करने का ऐलान कर दिया। साथ ही 12 जून से हर शुक्रवार सभी ट्रेनें बंद करने की बात कही है। कांगड़ा घाटी रेलवे खंड पर नियमित एवं प्रभावी रखरखाव सुनिश्चित करने के लिए 12 जून से हर शुक्रवार को साप्ताहिक रखरखाव दिवस घोषित किया गया है। इस फैसले से क्षेत्र के यात्रियों, दैनिक आवागमन करने वाले लोगों और पर्यटकों पर व्यापक प्रभाव पडऩे की संभावना है। जम्मू मंडल के जनसंपर्क निरीक्षक राघवेंद्र सिंह द्वारा जारी जानकारी के अनुसार बताया जाता है कि ट्रेन नंबर 52462 बैजनाथ से नूरपुर व 52471 नूरपुर से बैजनाथ का संचालन अगले आदेशों तक स्थगित किया गया है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार शुक्रवार को रेलवे ट्रैक, पुलों, सिग्नल प्रणाली तथा अन्य तकनीकी ढांचों का निरीक्षण, मरम्मत और रखरखाव कार्य किया जाएगा।

अब ब्राड गेज के सर्वे की बात की जा रही है। लोगों का कहना है कि दर्जनों बार पठानकोट जोगिंदर नगर रेलवे को ब्राडगेज करने के लिए सर्वे हुआ, इस पर सरकारों ने करोड़ों रुपया खर्च कर दिया, लेकिन कोई भी हल न हुआ। उनका कहना है कि नैरोगेज ट्रेन को ही सुचारू रूप से चलाया जाए, तो लोगों को राहत मिल सकती है। वहीं विशेष रेल सेवाओं का रद्द होना और सप्ताह में एक दिन सभी यात्री ट्रेनों का बंद रहना यात्रियों की यात्रा योजनाओं को प्रभावित कर सकता है। कांगड़ा घाटी रेलवे संघर्ष समिति के प्रवक्ता संजीव कुमार का कहना है कि एक सप्ताह पहले लाव लश्कर लेकर कांगड़ा रेल को हरी झंडी दिखाने का ड्रामा एक सप्ताह भी नहीं चल पाया। जल्द ही संघर्ष समिति की आपात बैठक बुलाई जा सकती है। उन्होंने सवाल किया है कि कांगड़ा घाटी रेलमार्ग अंग्रेज़ी शासनकाल के बाद इन्होंने कितने इंच आगे बढ़ाया।

आवश्यक रखरखाव को बदलाव

जम्मू मंडल के जनसंपर्क निरीक्षक राघवेंद्र सिंह ने बताया कि उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल के हिमाचल प्रदेश की कांगड़ा घाटी में रेलवे खंड पर परिचालन संबंधी बाधाओं और आवश्यक रखरखाव कार्यों को ध्यान में रखते हुए ट्रेनों के संचालन में कुछ महत्त्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। यात्रियों की सुरक्षा और पटरियों के सुचारू रखरखाव को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रेल प्रशासन द्वारा निम्नलिखित निर्णय लिए गए हैं। इसके तहत हर शुक्रवार को इस खंड पर सभी नैरोगेज यात्री ट्रेन सेवाएं निलंबित रहेंगी। जम्मू मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले रेल सेवाओं की अद्यतन जानकारी अवश्य प्राप्त करें। ट्रेनों की स्थिति और समयसारणी की जानकारी के लिए यात्री रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर संपर्क कर सकते हैं या ऐप व वेबसाइट का उपयोग कर सकते हैं।

संघर्ष का संकेत

राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा ने कहा कि इस मुद्दे को संसद में प्रमुखता से उठाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं द्वारा बड़े उत्साह और व्यापक प्रचार-प्रसार के साथ रेल सेवा को पुन: शुरू करने के लिए हरी झंडी दिखाई गई थी। कुछ ही दिनों बाद रेलवे विभाग ने विशेष रेल सेवा को अगले आदेशों तक स्थगित करने का आदेश जारी कर दिया। उन्होंने कहा कि यदि क्षेत्र के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष का रास्ता अपनाना पड़ा, तो वह उससे भी पीछे नहीं हटेंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App