लू के थपेड़ों से ऊना परेशान, सूरज के सितम से तापमान 43.2 डिग्री के पार

By: Jun 11th, 2026 12:04 am

मुख्य सडक़ों और बाजारों में छाया सन्नाटा, पानी की कमी से बीमार होने का खतरा, बुजुर्गों और बच्चों को हो रही दिक्कत

स्टाफ रिपोर्टर-ऊना
जिला ऊना में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। बुधवार को जिले का अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिनभर चलने वाली गर्म हवाओं और तेज धूप ने लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल कर दिया। दोपहर के समय मुख्य सडक़ों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर सन्नाटा पसरा रहा। लू के थपेड़ों से वाहन चालक, राहगीर, मजदूर और अन्य बाहरी कार्यों से जुड़े लोग सबसे अधिक प्रभावित नजर आए। हालांकि इससे पहले 21 मई को जिला का अधिकतम तापमान 44.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा चुका है और 20 मई को 44 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया था। बुधवार को भी सुबह से ही सूर्य की तपिश तीव्र रही और दोपहर होते-होते गर्मी अपने चरम पर पहुंच गई। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले। बाजारों में सामान्य दिनों की अपेक्षा कम भीड़ देखने को मिली, जबकि कई स्थानों पर दोपहर के समय दुकानें भी सूनी नजर आईं।

सडक़ों पर चलने वाले दोपहिया वाहन चालकों को गर्म हवाओं का सबसे अधिक सामना करना पड़ा। भीषण गर्मी का असर दैनिक जीवन के साथ-साथ लोगों के स्वास्थ्य पर भी पड़ रहा है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार अत्यधिक तापमान के कारण पानी की कमी, चक्कर आना, कमजोरी, सिरदर्द और डिहाइड्रेशन जैसी समस्याओं के मामले बढ़ रहे हैं। अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में भी गर्मी से संबंधित शिकायतों के साथ पहुंचने वाले लोगों की संख्या में इजाफा हो रहा है। चिकित्सकों ने लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, तरल पदार्थों का सेवन करने तथा दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की सलाह दी है। निर्माण कार्यों, खेतों और अन्य खुले स्थानों पर कार्य करने वाले मजदूरों को भीषण गर्मी के कारण भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं गर्मी के कारण बहुत ज्यादा समस्या आ रही है। खासकर बुजुर्गों और बच्चों को परेशानी आ आ रही है। मौसम विशेषज्ञ विनोद कुमार शर्मा ने कहा कि आगामी दिनों में सूर्य का प्रचंड रूप ऐसे ही बना रहेगा। इससे पिछले दिनों की भांति गर्मी उच्च स्तर पर रहेगी। ऐसे में मानव जीवन के साथ पशु-पक्षियों का भी जीवन यापन प्रभावित हो रहा है।

दोपहर में सूना हुआ दौलतपुर चौक बाजार

दौलतपुर चौक। नगर पंचायत दौलतपुर चौक और इसके आसपास के क्षेत्रों में पड़ रही भीषण गर्मी ने जनजीवन के साथ-साथ कारोबार को भी प्रभावित करना शुरू कर दिया है। क्षेत्र में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने से लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। तेज धूप और लू के थपेड़ों के कारण दोपहर के समय बाजारों में सन्नाटा पसरा हुआ है, जिससे दुकानदारों और अन्य कारोबारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। सुबह नौ बजे खुलने वाला बाजार करीब 11 बजे के बाद से शाम 5 बजे तक ग्राहकों के अभाव में सूना नजर आ रहा है। लोग लू के थपे?ो से बचने के लिए घरों में ही रुकना पसंद कर रहे हैं अथवा ठंडे पानी, तरबूज, कच्चे प्याज और अन्य घरेलू उपायों का सहारा ले रहे हैं। पंखे और कूलर भी गर्म हवा उगल रहे हैं, जबकि पेड़ों की छांव भी राहत देने में नाकाम साबित हो रही है। व्यापार मंडल के प्रधान राजीव राजू, संदीप काकू,स्थानीय दुकानदारो सुरिंदर छिंदू, संजीव, बलबीर, प्रदीप शर्मा, अमन कपाटिया ने बताया कि भीषण गर्मी का सीधा असर व्यापार पर पड़ रहा है। पूरा दिन ग्राहकों के इंतजार में गुजर जाता है, जिससे दुकान का किराया, बिजली बिल और अन्य खर्चों का प्रबंधन करना कठिन होता जा रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App