सतलुज पुल से अज्ञात युवक ने लगाई छलांग
डैहर में पुलिस ने एनडीआरएफ के जवानों की मदद से नदी में शुरू किया सर्च आपरेशन, जांच तेज
निजी संवाददाता-बरमाणा
जिला मंडी के सुंदरनगर और जिला बिलासपुर के बरमाणा को जोडऩे वाले डैहर सतलुज पुल से मंगलवार दोपहर के समय एक अज्ञात युवक द्वारा सतलुज नदी में छलांग लगाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्रित हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पुल पर युवक के पीछे चल रही कुछ स्कूल छात्राओं ने बताया कि लगभग 20 से 23 वर्ष आयु का एक युवक, जिसने नीले रंग की टी-शर्ट पहन रखी थी और उसके बाल लंबे थेए पुल पर पैदल चल रहा था।
जैसे ही वह पुल के मध्य भाग में पहुंचाए उसने अचानक पुल की रेलिंग पर चढक़र सतलुज नदी में छलांग लगा दी। घटना इतनी अचानक हुई कि छात्राएं कुछ समझ पातीं, उससे पहले ही युवक नदी के तेज बहाव में लापता हो गया। छात्राओं द्वारा शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और युवक की तलाश शुरू कर दी। बहरहाल, पुलिस थाना बरमाणा की टीम ने युवक की तलाश के लिए डैहर व आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों को फुटेज खंगाल युवक की पहचान करने का प्रयास कर रही है। पुलिस ने एनडीआरएफ के जवानों की मदद से सतलुज नदी में सर्च अभियान शुरू कर दिया है। सूचना मिलने पर डैहर पुलिस चौकी के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में पता चला कि युवक ने पुल के उस हिस्से से छलांग लगाई, जो जिला बिलासपुर के पुलिस थाना बरमाणा के अधिकार क्षेत्र में आता है। इसके बाद डैहर पुलिस ने मामले की सूचना पुलिस थाना बरमाणा को दी। मौके पर पहुंची पुलिस थाना बरमाणा की टीम ने प्रत्यक्षदर्शी छात्राओं से युवक के हुलिए और पहनावे के बारे में जानकारी जुटाई। पुलिस को घटनास्थल पर युवक की कोई पहचान संबंधी वस्तु नहीं मिली है, जिससे उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई है।
कार में सवार 3 लोगों से पकड़ी 685 ग्राम चरस
भगेड़। कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर बलोह टोल प्लाजा के पास मंगलवार सुबह पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स टीम ने एक कार में सवार 3 लोगों को चरस के साथ धर दबोचा। जानकारी के अनुसार पुलिस की टीम बलोह टोल प्लाजा के पास नाका लगाकर गाडिय़ों की चेकिंग कर रही थी। सुबह करीब आठ बजे मंडी से भगेड़ की ओर आ रही एक कार को भी जांच के लिए रोका गया। कार में तीन लोग सवार थे। पुलिस की चेकिंग व पूछताछ से वे घबरा गए। संदेह के आधार पर उनसे पूछताछ की गई। उन्होंने अपना परिचय कुल्लू जिला के जाना (अरछंडी) गांव निवासी खीमीराम, दौलतराम व गिरधारीलाल के रूप में दिया। तलाशी लेने पर कार के डैशबोर्ड से 685 ग्राम चरस बरामद की गई। आरोपियों के खिलाफ घुमारवीं थाना में मामला दर्ज करके कार्रवाई की जा रही है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
