इंग्लैंड दौरे पर अलग ड्रेसिंग रूम का उपयोग करेंगे वैभव सूर्यवंशी
लंदन। इंग्लैंड में पांच मैचों की टी 20 सीरीज़ के दौरान वैभव सूर्यवंशी भारतीय दल से इतर अलग ड्रेसिंग रूम का इस्तेमाल करेंगे। यह फ़ैसला 16 से कम उम्र के खिलाड़ियों की सुरक्षा से संबंधित आईसीसी और ईसीबी की नीतियों के अनुसार लिया गया है। 15 वर्षीय सूर्यवंशी को मैचों के दौरान और टीम की चर्चा के दौरान भारतीय ड्रेसिंग रूम का इस्तेमाल करने की अनुमति होगी लेकिन पांचों वेन्यू पर उन्हें कपड़े बदलने के लिए अलग ड्रेसिंग रूम का इस्तेमाल करना होगा। हालांकि यह अभी स्पष्ट नहीं है कि यह नियम आयरलैंड के ख़िलाफ़ दो टी 20 मुक़ाबलों के लिए लागू होगा या नहीं जो कि इंग्लैंड के ख़िलाफ़ सीरीज़ से पहले खेला जाना है। फ़ुटबॉल में भी आर्सेनल के मैक्ड डाउमैन को टीम के अन्य खिलाड़ियों से अलग ड्रेसिंग रूम का इस्तेमाल करना पड़ा था जब तक वह पिछले साल दिसंबर में 16 वर्ष के नहीं हो गए।
गार्डियन के अनुसार ईसीबी ने कहा, “यह एक आईसीसी इवेंट है, और चूंकि यह अधिकार क्षेत्र उनका है इसलिए उनके सुरक्षा नियम लागू होंगे। इवेंट के दौरान सुरक्षा से संबंधित किसी भी समस्या का समाधान आईसीसी द्वारा किया जा सकता है, वहीं इसके साथ ही ईसीबी की सेफ़ हैंड्स नीति हर समय लागू रहती है।”
“क्रिकेट रेगुलटर, क्रिकेटर के यूके में रहने के दौरान ज़रूरतों और अपेक्षाओं की चर्चा करने के लिए भारतीय टीम के लिए नियुक्त टीम लाइज़न ऑफ़िर (टीएलओ) के संपर्क में है। संबंधित क्रिकेट वेन्यू के लिए नियुक्त काउंटी सेफ़गार्डिंग ऑफ़िसर भी टीम लाइज़न ऑफ़िसर के साथ मिलकर काम कर रहे हैं ताकि वेन्यू के नियमों और व्यवस्था को समझा जा सके और उसका पालन किया जाए।”
“जैसा कि हमारे पास जानकारी है, उसके अनुसार खिलाड़ी के माता-पिता हमेशा उनके साथ यात्रा करेंगे। वे उसी होटल में भी रहेंगे जो कि आम प्रोटोकॉल से हटकर है लेकिन खिलाड़ी की उम्र को देखते हुए इस बार इसकी अनुमति दी गई है। यह अतिरिक्त प्रावधान हमें अधिक विश्वास दिलाता है कि खिलाड़ी के साथ उनका परिवार होगा जो कि उन्हें अतिरिक्त सहायता और सुरक्षा प्रदान कर सकता है।” बीसीसीआई सचिव देवाजित सैकिया ने पहले कहा था कि सूर्यवंशी दौरे पर अपने माता-पिता के साथ होंगे और बोर्ड उनका ख़र्च उठाएगा।
सूर्यवंशी अब तक के अपने करियर में कई पुरुष ड्रेसिंग रूम का हिस्सा रहे हैं – घरेलू क्रिकेट में अपने राज्य की टीमों, आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स और हाल ही में श्रीलंका में त्रिकोणीय सीरीज़ के लिए इंडिया ए के ड्रेसिंग रूम का हिस्सा रहे हैं। अगर वह आयरलैंड या इंग्लैंड में टी 20 खेलते हैं तो वह पुरुष क्रिकेट में डेब्यू करने वाले भारत के सबसे युवा खिलाड़ी बन जाएंगे। और ऐसा करते हुए वह सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ देंगे जिन्होंने 16 वर्ष और 205 दिन की उम्र में भारत के लिए डेब्यू किया था।
बेलफ़ास्ट में भारत 26 और 28 जून को आयरलैंड के ख़िलाफ़ दो टी 20 खेलेगा। इसके बाद भारत पांच टी 20 और तीन वनडे के लिए इंग्लैंड का दौरा करेगा। इंग्लैंड के ख़िलाफ़ टी 20 चेस्टर-ली-स्ट्रीट (1 जुलाई), मैनचेस्टर (4 जुलाई), नॉटिंघम (7 जुलाई), ब्रिस्टल (9 जुलाई) और साउथम्पटन (11 जुलाई) में खेले जाएंगे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
