गाडिय़ों के उड़े परखचे, बेजुबान की गई जान
नादौन-हमीरपुर मार्ग पर देर रात दो सडक़ हादसे, जलाड़ी में टैम्पो की टक्कर से गाय की मौत
कार्यालय संवाददाता – नादौन
नादौन-हमीरपुर फोरलेन पर दुर्घटनाओं का सिलसिला थम नहीं रहा है। सोमवार देर रात शहर के नजदीक गगाल गांव में एक स्कार्पियो सडक़ किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई, जबकि गगाल गांव में एक छोटे टैम्पो की टक्कर से एक गाय की मौत हो गई। गनीमत यह रही कि दोनों घटनाओं में सवारों को मामूली चोटें आई है, परंतु वाहनों को काफी क्षति पहुंची है।
मिली जानकारी के अनुसार गगाल गांव में हमीरपुर से कांगड़ा की ओर जा रही स्कार्पियो के सामने अचानक एक गाय आ गई, जिसे बचाने के चक्कर में चालक गाड़ी पर नियंत्रण खो बैठा और सडक़ किनारे खड़े एक ट्रक के साथ जोरदार टक्कर हो गई। गाड़ी में सवार लोगों को मामूली चोटें आई हैं। एक अन्य घटना में इसी मार्ग पर थोड़ा आगे जलाड़ी गांव में एक छोटे टैम्पो की गाय के साथ टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौका पर ही गाय की मौत हो गई। एक दिन पूर्व ही नादौन में इसी मार्ग पर एक कार की टक्कर लगने से तीन गाय की एक साथ मौत हो गई थी।
सतर्कता ही बचाव, गति सीमा में रखें वाहन
इस संबंध में यातायात प्रभारी नरेश कुमार ने बताया कि मामला दर्ज कर आगे छानबीन की जा रही है। उन्होंने वाहन चालकों से आग्रह किया है कि फोरलेन पर वाहन चलाते समय सतर्क रहें तथा अपने वाहन की गति घर नियंत्रण रखें।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
