सडक़ नहीं सुधरी तो करेंगे प्रदर्शन

By: Jun 18th, 2026 12:02 am

बीस साल पहले बने बैहल-कीकरवाली संपर्क मार्ग की हालत खस्ता, लोगों ने जल्द सुधार के लिए उठाई मांग

निजी संवाददाता-स्वारघाट
जिला बिलासपुर के उपमंडल स्वारघाट में लोक निर्माण विभाग स्वारघाट के अंतर्गत आने वाली 20 साल पुरानी बैहल-कीकरवाली संपर्क सडक़ आज भी अपनी बदहाली पर आंसू बहा रही है। सडक़ पर जगह-जगह गड्ढे, टूटी सतह और खराब हालत लोगों के लिए रोज़ाना परेशानी का कारण बन चुके हैं। यह सडक़ बैहल और कीकरवाली सहित दर्जनों गांवों को जोड़ती है तथा पंजाब के प्रमुख कस्बे किरतपुर साहिब से संपर्क का भी अहम मार्ग है। बावजूद इसके, लंबे समय से इसकी टायरिंग न होना कई सवाल खड़े करता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने कई बार लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और मीडिया के माध्यम से सरकार तक अपनी आवाज पहुंचाई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

समाजसेवी सुभाष चंदेल और पुष्पा चंदेल ने भी सडक़ की बदहाल स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि यह सडक़ क्षेत्र के लोगों के लिए जीवनरेखा के समान है, लेकिन इसकी हालत बेहद खराब हो चुकी है। उन्होंने कहा कि सडक़ पर बड़े-बड़े गड्ढों के कारण आए दिन हादसों का खतरा बना रहता है और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार और लोक निर्माण विभाग से मांग की कि जल्द से जल्द सडक़ की मरम्मत और टायरिंग का कार्य शुरू किया जाए। ग्रामीणों ने सरकार से मांग की है कि इस सडक़ को प्राथमिकता के आधार पर पक्का करवाया जाए, ताकि लोगों को आने-जाने में होने वाली कठिनाइयों से राहत मिल सके। स्थानीय लोगों में सुभाष, चंद्रशेखर, तरसेम, राजकुमार, कमल, बलवीर, महेंद्र, वेद प्रकाश, सुखदेव सिंह, विजय, बलविंदर सिंह, प्रकाश, सुरेंद्र सिंह, हरदीप, राधा कृष्ण, मनमोहन सिंह, जगमोहन सिंह सहित अन्य ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने जल्द उनकी समस्या की ओर ध्यान नहीं दिया, तो वे मजबूर होकर सरकार और विभाग के खिलाफ धरना-प्रदर्शन करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार और संबंधित विभाग की होगी। वहीं, ग्रामीणों ने प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह से आग्रह किया है कि इस गंभीर समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर करवाया जाए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App