मोदी के पीएम रहते भारत पर हमला हुआ, तो हम देंगे साथ, द्विपक्षीय बैठक में बोले अमरीकी राष्ट्रपति

By: Jun 18th, 2026 12:01 am

द्विपक्षीय बैठक में बोले अमरीकी राष्ट्रपति ट्रंप, प्रधानमंत्री मोदी की जमकर तारीफ

एजेंसियां — एवियन

फ्रांस में जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच हुई मुलाकात के दौरान ट्रंप ने भारत के समर्थन में बड़ा बयान देते हुए कहा कि यदि नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री रहते भारत पर कोई हमला होता है, तो अमरीका मदद के लिए खड़ा रहेगा। ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है, जब दुनिया के कई हिस्सों में भू-राजनीतिक तनाव बना हुआ है। बैठक के दौरान ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि मोदी एक बेहद मजबूत नेता हैं और बातचीत के दौरान बहुत सख्त रुख अपनाते हैं। ट्रंप ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी शांत दिखाई देते हैं, लेकिन बातचीत और समझौते के मामले में बेहद सख्त हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अगर भारत को किसी तरह का सुरक्षा संकट झेलना पड़ता है, तो अमरीका उसके साथ खड़ा रहेगा। ट्रंप के इस बयान को भारत-अमरीका रणनीतिक संबंधों के संदर्भ में महत्त्वपूर्ण माना जा रहा है। अमरीकी राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री मोदी की कार्यशैली और व्यक्तित्व की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि मैं प्रधानमंत्री मोदी जितना शांत, संयमित और प्रभावशाली नहीं हूं। आप उन्हें देखिए। ट्रंप ने मोदी को ऐसा नेता बताया जो बाहर से शांत नजर आते हैं, लेकिन निर्णय लेने और बातचीत के समय बेहद दृढ़ रहते हैं।

उन्होंने कहा कि मोदी की नेतृत्व क्षमता की वजह से भारत लगातार आगे बढ़ रहा है और भविष्य में भी प्रगति करता रहेगा। हम बहुत जल्द भारत के साथ ट्रेड डील फाइनल करने वाले हैं। मैं भविष्य में कभी भारत भी जाऊंगा। मैं भारत का बहुत सम्मान करता हूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्रंप के साथ हुई द्विपक्षीय बैठक में होर्मुज की नाकेबंदी और भारतीय नाविकों पर हमले का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए होर्मुज को खुला रखना महत्त्वपूर्ण है। भारतीय नाविकों की सुरक्षा को हम अहम मानते हैं और मुझे उम्मीद है कि ईरान के साथ होने वाले शांति समझौते में निश्चित रूप से नाविकों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाएगी। हाल ही में अमरीका-ईरान के बीच हुए टकराव में तीन भारतीय नाविकों की मौत की तरफ इशारा करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि जो लोग समुद्र के रास्ते ग्लोबल ट्रेड को जारी रखते हैं, उनकी सुरक्षा की जानी चाहिए। इस पर ट्रंप ने दुख जताते हुए कहा कि उन्हें तीन भारतीयों की मौत की जानकारी है। यह बहुत कठिन पेशा है। हम इस पर काम कर रहे हैं। ट्रंप की यह टिप्पणी उन परिवारों के लिए महत्त्वपूर्ण मानी जा रही है, जो इस घटना से प्रभावित हुए हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App