भारत-अफगान मैच से पहले मौसम का कमाल
धर्मशाला में बारिश और बर्फबारी से मौसम कूल, क्रिकेट फैंस खुश
नगर संवाददाता- धर्मशाला
भारत और अफगानिस्तान के बीच 13 जून को होने वाले पहले एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मुकाबले से पहले गुरुवार को दोनों टीमों का धर्मशाला पहुंचने पर मौसम ने अनोखे अंदाज में स्वागत किया। धर्मशाला में मौसम के देवता माने जाने वाले देवता इंद्रुनाग ने दोनों टीमों का स्वागत बारिश और ओलावृष्टि के साथ किया। दोपहर बाद अचानक मौसम ने करवट ली और धर्मशाला सहित आसपास के क्षेत्रों में तेज बारिश तथा कई स्थानों पर ओलावृष्टि हुई। इसके चलते तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई और लोगों को गर्मी से राहत मिली। बारिश के साथ ही धौलाधार पर्वत श्रृंखला की ऊंची चोटियों पर ताजा बर्फबारी हुई, जिससे पूरा क्षेत्र एक बार फिर सफेद चादर से ढका नजर आया।
दोपहर से शुरू हुआ बारिश का दौर रुक-रुक कर शाम तक जारी रहा। आसमान में काले बादल छाए रहे और बीच-बीच में बिजली की चमक ने मौसम को और भी रोमांचक बना दिया। मौसम में आए इस बदलाव से धर्मशाला का प्राकृतिक सौंदर्य और अधिक निखर गया। क्रिकेट प्रेमियों के लिए भी यह मौसम किसी सौगात से कम नहीं है। शनिवार को होने वाले भारत-अफगानिस्तान मुकाबले के दौरान यदि मौसम साफ रहता है तो दुनिया भर के दर्शकों को लाइव प्रसारण में बर्फ से ढकी धौलाधार पर्वतमाला के मनमोहक दृश्य देखने को मिल सकते हैं। एचपीसीए स्टेडियम की यही विशेषता उसे दुनिया के सबसे मनमोहक क्रिकेट मैदानों में शामिल करती है। मौसम में आई ठंडक खिलाडिय़ों के लिए भी राहत लेकर आई है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
