जब नहीं सुनी आवाज, तब सडक़ बनाने को युवा आए आगे
कोसरियां वार्ड की बदहाल सडक़ की मरम्मत करने का उठाया बीड़ा
निजी संवाददाता-चांदपुर
बिलासपुर शहर के वार्ड नंबर-6 स्थित कोसरियां वार्ड की वर्षों से बदहाल पड़ी सडक़ को आखिरकार स्थानीय युवाओं ने अपने दम पर सुधारने का बीड़ा उठाया। सरकार, प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से लगातार गुहार लगाने के बावजूद जब सडक़ की मरम्मत के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो क्षेत्र के युवकों ने स्वयं आगे आकर सडक़ को दुरुस्त करने का कार्य शुरू कर दिया। जानकारी के अनुसार कोसरियां वार्ड की यह सडक़ कई वर्षों से खस्ताहाल बनी हुई थी। सडक़ पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे होने के कारण वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। खासकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह मार्ग दुर्घटनाओं का कारण बन चुका था। स्थानीय लोगों का कहना है कि खराब सडक़ के चलते आए दिन वाहन चालक गिरकर घायल हो रहे थे, जबकि चारपहिया वाहनों को भी नुकसान पहुंच रहा था।
स्थानीय युवकों में अभिषेक कुमार, अजु खान, रोहित, बिटू मेहता और प्रीतम ने बताया कि वह कई बार नगर परिषद, प्रशासनिक अधिकारियों और क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों के समक्ष इस सडक़ की समस्या को उठा चुके थे। इसके बावजूद सडक़ की मरम्मत को लेकर कोई कार्रवाई नहीं की गई। बार-बार शिकायतें करने और आश्वासन मिलने के बाद भी जब स्थिति जस की तस बनी रही, तो युवाओं ने स्वयं ही सडक़ को ठीक करने का निर्णय लिया। युवकों ने अपने स्तर पर आवश्यक सामग्री और श्रम जुटाकर सडक़ के गड्ढों को भरने का कार्य शुरू किया। लगातार एक दिन तक मेहनत करने के बाद उन्होंने सडक़ के बड़े हिस्से को काफी हद तक सुचारू और सुरक्षित बना दिया। इससे अब सुविधा होगी।
कोसरियां वार्ड की सडक़ का मामला ध्यान में आया है। बजट का आभाव है, बजट का प्रावधान होते ही इस सडक़ का मरम्मत कार्य शुरू हो जाएगा।
वर्षा चौधरी, नप कार्यकारी अधिकारी, बिलासपुर
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
