पैर फिसला, खाई में गिरने से महिला की मौत

By: Jun 6th, 2026 12:45 am

कीड़ी में पेश आया हादसा; पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-चंबा
ग्राम पंचायत कीडी में ढांक से गिरकर महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान निम्मो पत्नी मचलू वीपीओ कीड़ी के तौर पर की गई है। पुलिस ने शुक्रवार को शव का मेडिकल कालेज चंबा में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने घटना की रपट रोजनामचे में डालकर विस्तृत कारणों की जांच आरंभ कर दी है। जानकारी के अनुसार कीडी गांव की निम्मो शुक्रवार सवेरे घास काटने के काम में जुटी हुई थी। इस दौरान अचानक पांव फिसलने के कारण निम्मो ढांक से लुढककर नीचे खेत में आ गिरी। निम्मो को ढांक से गिरता देख मौके पर पहुंचे परिजनों ने तुरंत ग्रामीणों के सहयोग से घायलावस्था में उठाकर उपचार के लिए मेडिकल कालेज चंबा पहुंचाया। जहां मौजूद चिकित्सक ने निम्मो को मृत घोषित करार दे दिया। इस पर घटना की सूचना सदर पुलिस थाना को दी गई। सूचना पाते ही पुलिस टीम ने मेडिकल कालेज पहुंचकर शव को कब्जे में लेने के साथ परिजनों के ब्यान दर्ज करने के साथ कागजी औपचारिकताएं निपटाई। फिलहाल परिजनों की ओर से निम्मो की मौत को लेकर किसी तरह का संदेह जाहिर न करने पर बीएनएसएस की धारा 194 के तहत कार्रवाई अमल में लाई गई है।

क्या बोले एसपी
एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि घटना को लेकर नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाने के साथ ही शव का पोस्टमार्टम करवाकर अंतिम संस्कार हेतु वारिसों के हवाले कर दिया गया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App