ईएसआई समागम में गूंजे श्रमिकों के मुद्दे

By: Jun 11th, 2026 12:02 am

उद्योग प्रतिनिधियों और ट्रेड यूनियनों ने रखीं समस्याएं, अधिकारियों ने दिए आश्वासन

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-बद्दी
ईएसआई क्षेत्रीय कार्यालय बद्दी में उपनिदेशक जय सिंह की अध्यक्षता में आयोजित सुविधा समागम में उद्योगों में कार्यरत श्रमिकों की समस्याओं, ईएसआई सेवाओं की गुणवत्ता तथा लंबित मामलों के समाधान को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। समागम में विभिन्न उद्योगों के प्रतिनिधियों, ट्रेड यूनियन पदाधिकारियों, एचआर अधिकारियों और ईएसआईसी अधिकारियों ने भाग लेकर अपने सुझाव एवं समस्याएं रखीं। भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य मेलाराम चंदेल ने बैठक के दौरान समागम के समय में किए गए बदलाव की पूर्व सूचना न दिए जाने पर नाराजगी व्यक्त की। कई उद्योगों में आज भी श्रमिकों का ईएसआई पंजीकरण नहीं किया जा रहा है, जबकि ऐसे संस्थानों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई का अभाव है।

इसका सीधा असर गरीब और जरूरतमंद श्रमिकों पर पड़ता है, जिन्हें समय पर स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाता। चैंबर ऑफ कॉमर्स हिमाचल प्रदेश, पांवटा साहिब के सलाहकार देवव्रत यादव ने कहा कि ईएसआई अस्पतालों और शाखा कार्यालयों की सेवाएं संतोषजनक हैं, लेकिन दुर्घटना और मृत्यु से जुड़े मामलों में अत्यधिक दस्तावेजों की मांग के कारण दावों के निपटारे में अनावश्यक देरी होती है। उन्होंने प्रक्रियाओं को अधिक सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उपनिदेशक जय सिंह ने सभी सुझावों और शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि भविष्य में अनावश्यक आपत्तियों से बचा जाएगा तथा लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। ईएसआईसी का मुख्य उद्देश्य श्रमिकों को बेहतर स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा सुविधाएं उपलब्ध करवाना है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App